Follow Us:

अंबेडकर को याद कर बोले CM—दलितों के अधिकारों की मिसाल हैं बाबा साहेब

➤ CM सुक्खू ने डॉ. भीमराव अंबेडकर की पुण्यतिथि पर चौड़ा मैदान में श्रद्धांजलि दी
➤ बोले—राहुल गांधी संविधान और संस्थाओं को बचाने के लिए लगातार काम कर रहे
➤ कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने कहा—दलित–पिछड़ा उत्थान के लिए अंबेडकर का योगदान अतुलनीय


संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की पुण्यतिथि पर पूरे देश में महापरिनिर्वाण दिवस मनाया जा रहा है। इसी कड़ी में शिमला के चौड़ा मैदान में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबा साहेब का योगदान अद्वितीय है और उन्हें न केवल भारत बल्कि दुनिया भर में सम्मानपूर्वक याद किया जाता है। उन्होंने कहा कि अंबेडकर ने उस दौर में वंचितों और कमजोर तबकों के अधिकारों के लिए संघर्ष किया, जब जातिगत भेदभाव चरम पर था। उनका योगदान कभी भुलाया नहीं जा सकता।

CM सुक्खू ने इस दौरान कहा कि राहुल गांधी संविधान और संवैधानिक संस्थाओं की रक्षा के लिए निरंतर काम कर रहे हैं, जबकि विपक्ष की सरकारें इन संस्थानों पर कुठाराघात कर रही हैं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए संविधान सर्वोपरि है।

वहीं, हिमाचल कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने कहा कि अंबेडकर का देश के प्रति योगदान अतुलनीय है। वे सदैव दलितों और पिछड़ों के उत्थान के लिए कार्यरत रहे। उन्होंने राहुल गांधी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कांग्रेस ने उन्हें—जो अनुसूचित जाति से संबंध रखते हैं—प्रदेश अध्यक्ष बनाकर अपनी दलित–पिछड़ा हितैषी सोच को स्पष्ट किया है।