नगरोटा बगवां। विकास पुरुष स्वर्गीय जी.एस. बाली बाल मेले के विशाल मंच से मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने भाजपा पर बड़ा राजनीतिक हमला बोला। हजारों लोगों से खचाखच भरे पंडाल में मुख्यमंत्री ने पूर्व भाजपा सरकार पर सरकारी संपत्तियों के दुरुपयोग, अनियमितताओं और कथित भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाते हुए ऐलान किया कि अगली कैबिनेट बैठक में भाजपा शासनकाल के कथित भ्रष्टाचार पर विस्तृत व्हाइट पेपर लाया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार प्रदेश की जनता से कोई तथ्य छिपाने वाली नहीं है। उन्होंने कहा कि पिछले कार्यकाल में लिए गए फैसलों की पूरी जानकारी सार्वजनिक की जाएगी ताकि लोगों को पता चल सके कि प्रदेश की संपत्तियों और संसाधनों के साथ किस तरह व्यवहार किया गया।
“सरकारी संपत्तियां कौड़ियों के भाव बांटी गईं”
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में प्रदेश की बहुमूल्य सरकारी संपत्तियों को कौड़ियों के भाव लीज पर दिया गया। उन्होंने दावा किया कि करीब पांच हजार बीघा भूमि बिना विधिवत रजिस्ट्रेशन के मात्र एक करोड़ रुपये की लीज पर उद्योगपतियों को सौंप दी गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह प्रदेश के संसाधनों के साथ बड़ा अन्याय था और इसकी पूरी सच्चाई अब जनता के सामने रखी जाएगी।
“अगली कैबिनेट में आएगा व्हाइट पेपर”
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार पूरे मामले की गहन जांच कर रही है। उन्होंने घोषणा की कि अगली कैबिनेट बैठक में भाजपा शासनकाल के कथित भ्रष्टाचार और सरकारी संपत्तियों से जुड़े फैसलों पर व्हाइट पेपर लाया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस दस्तावेज़ में प्रदेश की जनता को विस्तार से बताया जाएगा कि पिछली सरकार के दौरान कौन-कौन से निर्णय लिए गए और उनका प्रदेश के हितों पर क्या प्रभाव पड़ा।
“जनता की अदालत में लाए जाएंगे जिम्मेदार लोग”
मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि यदि जांच में कोई भी व्यक्ति अनियमितताओं या भ्रष्टाचार में संलिप्त पाया गया तो उसे बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि “जो भी जिम्मेदार होंगे, उन्हें जनता की अदालत और कानून दोनों के सामने जवाब देना होगा। हमारी सरकार पारदर्शिता, जवाबदेही और ईमानदार शासन की नीति पर काम कर रही है।”
उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता ने उनकी सरकार को व्यवस्था परिवर्तन और पारदर्शी प्रशासन के लिए जनादेश दिया है और सरकार उसी दिशा में आगे बढ़ रही है।
बाल मेले में उमड़ा जनसैलाब, तालियों से गूंजा पंडाल
मुख्यमंत्री के संबोधन के दौरान कार्यक्रम स्थल पर मौजूद हजारों लोगों ने जोरदार तालियों से उनका स्वागत किया। जी.एस. बाली बाल मेले के भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से आए लोगों की भारी भीड़ मौजूद रही। मुख्यमंत्री के भाषण के दौरान कई बार तालियों की गड़गड़ाहट से पूरा पंडाल गूंज उठा।
इससे पहले हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम (HPTDC) के चेयरमैन एवं नगरोटा बगवां के विधायक आरएस बाली ने मुख्यमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत और अभिनंदन किया। आरएस बाली ने कहा कि आज बाल मेले में उमड़ा जनसैलाब केवल सांस्कृतिक कार्यक्रम देखने या गीत-संगीत सुनने के लिए नहीं आया है, बल्कि यह स्वर्गीय विकास पुरुष जी.एस. बाली के प्रति लोगों के प्रेम, विश्वास और सम्मान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन जनसेवा, विकास और समाज के प्रति समर्पण की उस विरासत का उत्सव है, जिसे जी.एस. बाली ने अपने जीवनभर आगे बढ़ाया।



