Follow Us:

पूर्ण राज्यत्व दिवस से पहले धर्मशाला में कैबिनेट बैठक, महंगाई भत्ते का मिल सकता है तोहफा

CM Sukhu Dharamshala visit: हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के कांगड़ा प्रवास के दौरान धर्मशाला में राज्य मंत्रिमंडल की बैठक आयोजित की जाएगी। यह बैठक 23 या 24 जनवरी को होने की संभावना है। बैठक का उद्देश्य 25 जनवरी को मनाए जाने वाले राज्य स्तरीय पूर्ण राज्यत्व दिवस समारोह से संबंधित घोषणाओं को मंजूरी देना है। चर्चा है कि मुख्यमंत्री इस अवसर पर महंगाई भत्ते की किस्त जारी करने का एलान कर सकते हैं।

शुक्रवार को मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू धर्मशाला पहुंचे, जहां कांग्रेस के मंत्रियों, विधायकों, पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय जनता ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। साई ग्राउंड हेलीपैड पर मुख्यमंत्री का स्वागत करने वालों में पीडब्ल्यूडी मंत्री विक्रमादित्य सिंह, आयुष मंत्री यादविंद्र गोमा, पर्यटन विकास निगम के चेयरमैन रघुवीर बाली, योजना आयोग के उपाध्यक्ष भवानी सिंह पठानिया और अन्य प्रमुख नेता शामिल रहे।

धर्मशाला प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री ने धौलाधार फूड स्ट्रीट का शिलान्यास और महिला पुलिस थाना का उद्घाटन किया। इसके अलावा, उन्होंने क्षेत्र के विकास और आगामी योजनाओं पर अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से चर्चा की। इस कार्यक्रम में धर्मशाला नगर निगम की मेयर नीना शर्मा, डीजीपी डॉ. अतुल वर्मा और धर्मशाला के पूर्व उम्मीदवार देवेंद्र जग्गी समेत अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।