Follow Us:

सीएम ने सिराज के पार्टी पदाधिकारियों से की चर्चा, कहा- जनता को सुरक्षात्मक उपायों के बारे में करें जागरूक

पी. चंद, शिमला |

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने मंडी  के सिराज विधान सभा क्षेत्र में भाजपा पदाधिकारियों और पार्टी कार्यकर्ताओं को वीडियो कॉफ्रेंसिंग के जरिये संबोधित करते हुए कहा कि कोरोना वायरस से बचाव के लिए सभी कार्यकर्ताओं को केंद्र और प्रदेश सरकार द्वारा जारी किए गए सुरक्षा उपायों का सख्ती से पालन करना चाहिए।  मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि वे आम जनता को सुरक्षात्मक उपायों के बारे में जागरूक करें और उन्हें इस बात की भी जानकारी दें कि सरकार ने इस वैश्विक महामारी के फैलाव को रोकने के लिए कौन-कौन से महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से इस महामारी के समय गरीबों की सहायता के लिए पीएम केयर्ज फंड और कोविड-19 फंड में उदारतापूर्वक अंशदान करने को कहा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे अन्य लोगों को भी इस फंड में अंशदान करने के लिए प्रेरित करें।

जयराम ठाकुर ने पार्टी कार्यकर्ताओं से आरोग्य सेतु ऐप डाउनलोड करने का भी आग्रह किया क्योंकि यह लोगों को कोविड-19 से संबंधित सभी जानकारियां उपलब्ध करवाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि आरोग्य सेतु ऐप आईटी और इलेक्ट्रानिक मंत्रालय द्वारा निर्मित कोविड-19 कॉन्टेक्ट ट्रैकिंग ऐप है।  मुख्यमंत्री ने पार्टी कार्यकर्ताओं से कहा कि वे लोगों के लिए फेस मास्क और फेस कवर बनाने और वितरित करने के लिए आगे आएं। उन्होंने कहा कि सर्जिकल मास्क और अन्य कोई भी ब्रांडिड मास्क का इस्तेमाल जरूरी नहीं है । परंतु घर पर बनाया गया कपड़े के मास्क से भी इस बीमारी से बचा जा सकता है। उन्होंने कहा कि लोगों को भी इस बीमारी की जानकारी प्रदान करनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि इस दौरान अफवाहों पर विश्वास न करें और अफवाहों को रोकने में भी सहयोग करें।