Follow Us:

जूनियर टी-मेट और हेल्पर को CM का तोहफा, पदोन्नति अवधि घटाकर 3 साल की

डेस्क |

भारतीय मजदूर संघ के एक प्रतिनिधिमण्डल ने अध्यक्ष मदन राणा के नेतृत्व में सोमवार को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से भेंट की। इस अवसर पर संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत परिषद में कार्यरत जूनियर टी-मेट और जूनियर हेल्पर कर्मचारियों की पदोन्नति अवधि पांच वर्ष से घटाकर तीन वर्ष करने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कर्मचारी प्रदेश सरकार की रीढ़ की हड्डी हैं और वह प्रदेश सरकार की योजनाओं को कार्यक्रमों को धरातल पर कार्यान्वित करते हैं। कोरोना संकट के दौरान कर्मचारियों का बहुत सहयोग रहा और राज्य सरकार ने भी कभी कर्मचारियों को निराश नहीं किया। मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधिमण्डल की अन्य मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने का आश्वासन दिया। प्रतिनिधिमण्डल ने उनकी मांगों पर विचार करने के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।

हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत परिषद के तकनीकी कर्मचारी संघ के कार्यकारी अध्यक्ष लक्ष्मण कपटा, भारतीय मजदूर संघ और तकनीकी कर्मचारी संघ के पदाधिकारी भी उपस्थित थे।