Follow Us:

हिमाचल के कर्नल तेजेंद्र सिंह का दिल का दौरा पड़ने से निधन, सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार

भारतीय सेना के कर्नल तेजेंद्र सिंह का दिल्ली में निधन
धर्मपुर क्षेत्र के तरैमला गांव के रहने वाले थे कर्नल तेजेंद्र सिंह
सैन्य सम्मान के साथ पैतृक गांव में हुआ अंतिम संस्कार


हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के धर्मपुर क्षेत्र की ग्राम पंचायत लौंगणी के तरैमला गांव से ताल्लुक रखने वाले भारतीय सेना के कर्नल तेजेंद्र सिंह का दिल्ली में हृदय गति रुकने से निधन हो गया। इस दुखद घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। कर्नल तेजेंद्र सिंह, कर्नल रूपचंद के पुत्र थे और वर्तमान में राष्ट्रीय राइफल्स में श्रीनगर में तैनात थे।

जानकारी के अनुसार, कर्नल तेजेंद्र सिंह दिल्ली से हवाई मार्ग द्वारा श्रीनगर लौटने वाले थे कि अचानक उन्हें हृदयाघात हो गया, जिससे उनका अकस्मात निधन हो गया। दिल्ली से जैसे ही उनके निधन की खबर गांव पहुंची, पूरे क्षेत्र में मातम छा गया। परिजनों और ग्रामीणों का रो-रोकर बुरा हाल रहा।

सोमवार देर रात उनका पार्थिव शरीर दिल्ली से घर पहुंचाया गया। मंगलवार सुबह पैतृक गांव के श्मशान घाट में सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम यात्रा के दौरान “तेजेंद्र सिंह अमर रहें” के नारे गूंजते रहे। क्षेत्र के लोग इस वीर सपूत को नम आंखों से अंतिम विदाई देते हुए भावभीनी श्रद्धांजलि दे रहे हैं।