➤ कांग्रेस ने X पर PM मोदी का चाय बेचते हुए 6-सेकेंड का AI वीडियो पोस्ट किया
➤ भाजपा ने कहा—यह शर्मनाक है, जनता कभी माफ नहीं करेगी
➤ इससे पहले भी कांग्रेस कई बार PM से जुड़े AI वीडियो शेयर कर चुकी है
नई दिल्ली। कांग्रेस और भाजपा के बीच सोशल मीडिया पर AI वीडियो को लेकर नया राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है। कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता रागिनी नायक ने X पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 6 सेकेंड का AI जनरेटेड वीडियो पोस्ट किया, जिसमें PM को चायवाला दिखाया गया है। उनके हाथ में चाय की केतली और ग्लास है, और वे कहते दिख रहे हैं— “चाय बोलो, चाय चाहिए”। वीडियो के बैकग्राउंड में कई देशों के झंडे भी दिखाई दे रहे हैं।
भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने इसे शर्मनाक बताया और कहा कि कांग्रेस एक कामदार प्रधानमंत्री को बर्दाश्त नहीं कर सकती। भाजपा का आरोप है कि कांग्रेस राजनीतिक हमलों के लिए बार-बार AI का दुरुपयोग कर रही है।
यह पहला मामला नहीं है।
12 सितंबर को बिहार कांग्रेस ने PM मोदी और उनकी मां का AI वीडियो पोस्ट किया था। उसमें दिखाया गया था कि PM के सपने में उनकी मां आकर उनसे सवाल कर रही हैं।
22 अक्टूबर को कांग्रेस ने ट्रम्प–मोदी की बातचीत का AI वीडियो शेयर किया था, जिसे PIB ने फर्जी बताया।
इसी तरह भाजपा ने भी X अकाउंट से लालू प्रसाद, तेजस्वी यादव, अखिलेश यादव और राहुल गांधी का AI वीडियो पोस्ट किया था। कांग्रेस ने इसे राजनीतिक बदले की कार्रवाई बताया था।
AI वीडियो को लेकर दोनों दलों के बीच यह तकरार लगातार बढ़ रही है और चुनावी माहौल में ऐसे वीडियो सोशल मीडिया की बड़ी चुनौती बनते जा रहे हैं।



