Follow Us:

मनरेगा नाम परिवर्तन पर कांग्रेस का बीजेपी पर हमला, सुखजीत सिंह खेड़ा बोले – गांधी की आत्मा पर वार

➤ मनरेगा से गांधी नाम हटाने पर कांग्रेस ने बीजेपी पर तीखा हमला बोला
➤ प्रवक्ता सुखजीत सिंह खेड़ा बोले – गोडसे ने गांधी को मारा, बीजेपी ने आत्मा को
➤ फंडिंग पैटर्न बदलकर योजना को कमजोर करने का आरोप


अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता सुखजीत सिंह खेड़ा ने शिमला में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान केंद्र सरकार और भारतीय जनता पार्टी पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) से गांधी का नाम हटाना महात्मा गांधी का अपमान है।

खेड़ा ने तीखा बयान देते हुए कहा कि पहले गोडसे ने गांधी की हत्या की थी और अब बीजेपी ने उनका नाम हटाकर गांधी की आत्मा को मारने का काम किया है। उन्होंने इसे देश के गरीब, मजदूर और ग्रामीण वर्ग के साथ सीधा धोखा करार दिया।

कांग्रेस प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने मनरेगा की फंडिंग व्यवस्था में बदलाव कर इसे कमजोर करने की साजिश रची है। नए फॉर्मूले के तहत अब 60 प्रतिशत खर्च केंद्र और 40 प्रतिशत राज्य सरकारों को उठाना होगा। उन्होंने कहा कि अधिकांश राज्य पहले से ही आर्थिक संकट और कर्ज में डूबे हैं, ऐसे में राज्यों पर अतिरिक्त बोझ डालकर योजना को प्रभावहीन बनाया जा रहा है।

उन्होंने यह भी कहा कि इस अहम फैसले पर विपक्ष से कोई चर्चा नहीं की गई, जिसके विरोध में कांग्रेस ने देशभर में प्रदर्शन किए हैं। कांग्रेस की स्पष्ट मांग है कि मनरेगा को उसके पुराने स्वरूप में बहाल किया जाए।

इसके अलावा सुखजीत सिंह खेड़ा ने आरोप लगाया कि ईडी और सीबीआई जैसी केंद्रीय जांच एजेंसियों का राजनीतिक दुरुपयोग किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इन एजेंसियों का इस्तेमाल राजनीतिक विरोधियों को डराने और दबाने के लिए किया जा रहा है। खेड़ा ने कहा कि राहुल गांधी इस राजनीतिक उत्पीड़न के खिलाफ संघर्ष कर रहे हैं और कांग्रेस इस लड़ाई को आगे भी जारी रखेगी।