Follow Us:

‘वोट चोर गद्दी छोड़’ नारे के साथ देशभर में कैंडल मार्च करेगी कांग्रेस

14 अगस्त को पूरे देश में ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ नारे के साथ कैंडल मार्च करेगी कांग्रेस
शिमला में प्रतिभा सिंह और मुकेश अग्निहोत्री के नेतृत्व में रिज मैदान तक मार्च
लोकतंत्र, संविधान और संस्थाओं की रक्षा के लिए जनता से जुड़ने की अपील


हिमाचल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने ऐलान किया है कि 14 अगस्त को कांग्रेस पार्टी पूरे देश में ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ नारे के साथ कैंडल मार्च निकालेगी। यह कार्यक्रम अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के दिशा-निर्देश पर आयोजित होगा। शिमला में होने वाले इस कैंडल मार्च का नेतृत्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह और उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री करेंगे। मार्च शाम 6:30 बजे शेरे पंजाब नाज से शुरू होकर रिज मैदान पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा तक पहुंचेगा।

प्रतिभा सिंह ने प्रदेश कांग्रेस के सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं से इस अभियान में सक्रिय रूप से भाग लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि भाजपा के वोट चोरी के खिलाफ यह कैंडल मार्च लोकतंत्र की रक्षा के लिए एक प्रतीक है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि प्रदेश के सभी जिलों में पूर्व पीसीसी, जिला, ब्लॉक पदाधिकारी, अग्रणी संगठनों और नगर निगम के सभी कांग्रेस पार्षदों की उपस्थिति सुनिश्चित की जाएगी।

उन्होंने केंद्र सरकार पर लोकतंत्र, संविधान और सांविधानिक संस्थाओं को कमजोर करने का आरोप लगाते हुए कहा कि जनता को जागरूक करने की आवश्यकता है। राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस किसी भी कीमत पर इन संस्थाओं से खिलवाड़ सहन नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा राहुल गांधी के वोट चोरी खुलासे से बौखलाई हुई है और कांग्रेस देश की जनता के साथ मजबूती से खड़ी है।