CM Sukhu Announcements: मंडी जिले से कांग्रेस पार्टी के 50 हजार कार्यकर्ता बिलासपुर में पार्टी के दो साल के कार्यकाल का जश्न मनाने के कार्यक्रम में भाग लेंगे। यह जानकारी सरकाघाट विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस नेता और पूर्व प्रदेश महासचिव पवन ठाकुर ने दी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने अपने वादों को पूरा करते हुए जनता को दी गई गारंटियों पर तेजी से काम किया है।
पवन ठाकुर ने बताया कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने सरकार बनते ही पुरानी पेंशन योजना को बहाल किया। उन्होंने यह भी कहा कि नेरचौक मेडिकल कॉलेज में एमआरआई मशीन लगाने की घोषणा की गई है, जो पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर अपने कार्यकाल में नहीं कर सके। पवन ठाकुर ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि वे प्रदेश सरकार के खिलाफ निराधार बयानबाजी कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, मल्टी टास्क वर्करों का वेतन बढ़ाया है और दूध पर न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) लागू कर हिमाचल प्रदेश को देश का पहला राज्य बनाया है। इसके अलावा, सीएम सुक्खू के नेतृत्व में राज्य में कई जनकल्याणकारी योजनाएं शुरू की गई हैं।
पवन ठाकुर ने बताया कि कल मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू मंडी जिले के पंडोह स्थित बाखली में 55 करोड़ रुपये की लागत से बने रोपवे का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद वे नेचर पार्क में जनसभा को संबोधित करेंगे।



