Follow Us:

कांग्रेस पार्टी और सुक्खू सरकार की खुली पोल, अंतर्कलह सामने : जयराम ठाकुर

|

  • कांग्रेस और सुक्खू सरकार की गुटबाजी प्रदेश के सामने उजागर

  • मंत्री और नेता आपसी हितों की लड़ाई में व्यस्त, विकास प्रभावित

  • जयराम ठाकुर ने सरकार को बताया झूठ की बुनियाद पर खड़ी


Himachal government infighting: हिमाचल प्रदेश में सत्तारूढ़ कांग्रेस सरकार के भीतर उठ रहे अंतर्विरोधों को लेकर नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कड़ा प्रहार किया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की सरकार पूरी तरह अंतर्कलह में घिरी है, और यह लड़ाई अब सार्वजनिक मंचों और सोशल मीडिया तक पहुंच चुकी है।

जयराम ठाकुर ने मंडी में कहा कि यह स्थिति भारतीय जनता पार्टी की ओर से नहीं, बल्कि कांग्रेस के मंत्रियों और पदाधिकारियों के बयानों से उजागर हो रही है। बिलासपुर में कांग्रेस अध्यक्ष के सामने हुई घटना और पार्टी नेताओं की बयानबाजी इस बात का प्रमाण है कि सरकार अंदर से बिखर रही है

उन्होंने आरोप लगाया कि उपमुख्यमंत्री स्वयं मुख्यमंत्री के खिलाफ बोल रहे हैं और एक मंत्री उनके समर्थन में खड़े हैं। सरकार के भीतर डराने-धमकाने और साजिश रचने की बातें हो रही हैं। यह हालात तब हैं जब प्रदेश की जनता विकास की आस लगाए बैठी है, लेकिन मंत्री शक्ति प्रदर्शन और गुटबाजी में लगे हुए हैं।

जयराम ठाकुर ने कहा कि सरकार की आपसी खींचतान का खामियाजा जनता को भुगतना पड़ रहा है। मंत्री ऑफिस नहीं जा रहे, आपसी संवाद बंद हो चुका है और सोशल मीडिया के जरिए इशारों में आरोप-प्रत्यारोप हो रहे हैं।

कांग्रेस के ही नेता सुक्खू सरकार को कठघरे में खड़ा कर रहे हैं, मंत्री स्वयं सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठा रहे हैं। ठाकुर ने आरोप लगाया कि प्रदेश का विकास रुक गया है, नौकरियों पर रोक लगी है, हिम केयर योजना का पैसा रोका गया है, और लोग इलाज के लिए दर-दर भटक रहे हैं

प्रदेश पर कर्ज एक लाख करोड़ से अधिक हो चुका है और सरकार का हर दिन का काम केवल कर्ज लेने तक सिमट कर रह गया है। उन्होंने कहा कि यह पहला मौका है जब कोई सरकार विकास की उल्टी राह पर चल रही है और जनता से पूरी तरह कट चुकी है