➤ मंडी में कांग्रेस सरकार के 3 साल पूरे होने पर ऐतिहासिक रैली की तैयारी
➤ 25 हजार भीड़ जुटाने का लक्ष्य, मिशन रिपीट का होगा आगाज
➤ भाजपा की धर्मशाला रैली को कांग्रेस अध्यक्ष ने बताया नेताओं का शक्ति प्रदर्शन
हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस सरकार के तीन साल के कार्यकाल का जश्न इस बार मंडी में भव्य रूप से मनाया जाएगा। सरकार ने इस रैली में 25 हजार लोगों को जुटाने का लक्ष्य रखा है। इसे लेकर कांग्रेस इसे मिशन रिपीट की शुरुआत मान रही है।
उधर भाजपा ने धर्मशाला में सरकार के तीन साल के खिलाफ रैली आयोजित की, जिसे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने सिर्फ नेताओं का अपना-अपना शक्ति प्रदर्शन बताया। उन्होंने कहा कि भाजपा की रैली में मात्र 4 से 5 हजार लोग ही जुटे, जो जनसमर्थन का संकेत नहीं है।
शिमला में पत्रकारों से बातचीत में विनय कुमार ने कहा कि सरकार ने आपदा के समय बेहतरीन कार्य किए हैं, और मंडी, जहां सबसे अधिक आपदा प्रभावित क्षेत्र रहा, वहां लोगों को सरकार द्वारा किए कार्यों की जानकारी दी जाएगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस संगठन पूरी तरह तैयार न होने के बावजूद कांग्रेस विचारधारा के लोग रैली में बड़ी संख्या में शामिल होंगे।
उन्होंने यह भी बताया कि कांग्रेस में संगठन विस्तार की प्रक्रिया तेज की जा रही है। पहले ब्लॉक स्तर पर गठन होगा, फिर जिला अध्यक्ष बनाए जाएंगे। 8 दिसंबर तक पर्यवेक्षक हाईकमान को लिस्ट सौंप देंगे, जिसके बाद ऊर्जावान और सक्षम कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां दी जाएंगी।
विनय कुमार ने कहा कि पार्टी में सभी वरिष्ठ नेताओं, महिलाओं और युवाओं को संगठन में उचित स्थान मिलेगा। पंचायतीराज संस्थाओं में अच्छा प्रदर्शन करने वालों को भी महत्वपूर्ण भूमिकाएं दी जाएंगी। कार्यकारी अध्यक्ष की चर्चाओं पर उन्होंने स्पष्ट किया कि फिलहाल कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त नहीं किया जाएगा।



