➤ शिमला जिला के लिए संगठन सृजन अभियान की शुरुआत, सांसद संजना जाटव सात दिन तक करेंगी संवाद
➤ कार्यकर्ताओं–नेताओं की नब्ज टटोलकर जिला अध्यक्ष पद के लिए भेजेंगी पैनल
➤ सर्वसम्मति से मजबूत नेतृत्व तैयार करने पर कांग्रेस का फोकस
हिमाचल प्रदेश कांग्रेस में संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने की प्रक्रिया अब तेज हो गई है। राज्य अध्यक्ष की नियुक्ति के बाद पार्टी ने संगठन सृजन कार्यक्रम के तहत जिलों में नई टीमों के गठन का काम शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में शिमला जिला के लिए नियुक्त पर्यवेक्षक और सांसद संजना जाटव आज शिमला पहुंचीं, जहां उन्होंने शिमला जिला संगठन सृजन अभियान की औपचारिक शुरुआत की।
संजना जाटव ने बताया कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी के विज़न के अनुरूप देशभर में संगठन सृजन कार्यक्रम चल रहा है और कई राज्यों में यह प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। शिमला जिला में यह प्रक्रिया आज से प्रारंभ हो रही है। उन्होंने कहा कि आने वाले सात दिनों तक वे शिमला जिले के कार्यकर्ताओं, नेताओं और पूर्व पदाधिकारियों से व्यक्तिगत रूप से संवाद करेंगी, ताकि जिला अध्यक्ष पद के लिए योग्य और सर्वसम्मति से स्वीकृत नेतृत्व का चयन हो सके।
उन्होंने स्पष्ट किया कि जिला अध्यक्ष पद के लिए आवेदन करने वाले नेताओं के नामों पर विचार करते समय कार्यकर्ताओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होगी। सभी वर्गों की राय लेकर एक मजबूत और सर्वमान्य पैनल तैयार किया जाएगा, जिसे कांग्रेस आलाकमान के समक्ष भेजा जाएगा।
संजना जाटव ने कहा कि पार्टी संगठन की मजबूती के लिए सहयोग, पारदर्शिता और सामूहिक निर्णय ही सर्वोपरि हैं, और कांग्रेस इस दिशा में गंभीरता से काम कर रही है।



