शिमला: हिमाचल प्रदेश के कृषि मंत्री चन्द्र कुमार ने अपनी ही पार्टी कांग्रेस पर बड़ा हमला बोलते हुए कहा कि दिल्ली में कांग्रेस ने गंभीरता से चुनाव नहीं लड़ा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस का संगठन कमजोर हो गया है और हाईकमान को इसे गंभीरता से लेना चाहिए।
चन्द्र कुमार ने स्पष्ट किया कि चुनाव के समय कांग्रेस उम्मीदवार मैदान में उतरते हैं, लेकिन संगठन की कोई तैयारी नहीं होती। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस का संगठन पैरालाइज्ड हो चुका है और सरकार व संगठन को एक साथ मिलकर काम करना चाहिए।
हिमाचल प्रदेश सरकार ने किसानों के हित में बड़ा कदम उठाते हुए 1.4 करोड़ रुपए की मक्की खरीदकर सिविल सप्लाई को दी है। सरकार 30 रुपए प्रति किलो के हिसाब से मक्की किसानों से खरीद रही है, जबकि इसका आटा उपभोक्ताओं को 40 से 50 रुपए प्रति किलो के हिसाब से बेचा जा रहा है।
इसके अलावा कांग्रेस ने चुनावी घोषणा पत्र में किसानों से 2 रुपए प्रति किलो की दर से गोबर खरीदने का वादा किया था, लेकिन अब इसे 3 रुपए प्रति किलो की दर से खरीदा जा रहा है। सरकार ने अब तक 1.5 करोड़ रुपए का गोबर खरीदा है और भविष्य में जरूरत पड़ने पर गोबर खरीद की राशि को बढ़ाने पर विचार किया जाएगा।
कृषि मंत्री चन्द्र कुमार ने कहा कि सरकार किसानों के हित में काम कर रही है और उनकी आमदनी बढ़ाने के लिए हर संभव कदम उठाए जाएंगे।



