इंदिरा गांधी की 35वीं पुण्यतिथि पर हिमाचल प्रदेश कांग्रेस ने नालागढ़ में राज्यस्तरीय एकता दिवस के रूप में आयोजित किया और इंदिरा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की। शिमला कांग्रेस कार्यालय में भी पूर्ण मंत्री विद्या स्टोक्स की मौजूदगी में कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने श्रद्धांजलि अर्पित की। वहीं, सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती पर पटेल को भी याद किया। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के राजनीतिक सचिव हरि कृष्ण हिमराल ने इस अवसर पर कहा कि इंदिरा गांधी ने देश के विकास में अपनी अहम भूमिका अदा की है जिसे भुलाया नहीं जा सकता है।
इंदिरा गांधी ने पाकिस्तान के दो टुकड़े कर एक अलग देश बांग्लादेश का निर्माण किया था जिसकी बदौलत विदेशों में भी इंदिरा गांधी ने अपनी अलग छवि बनाई थी। सरदार पटेल को देश में लोह पुरुष के रूप में जाना जाता है। सरदार पटेल ने देश की अलग-अलग रियासतों को मिलाकर एक देश भारत का निर्माण किया था। कांग्रेस ने केंद्र की भाजपा सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा के पास न नेता है, न नीति और न ही कोई इतिहास है। इसलिए भाजपा नेता कांग्रेस नेताओं के कार्यक्रमों को अपना कार्यक्रम बनाने की कोशिश कर रहे हैं जिसके खिलाफ आने वाले समय में कांग्रेस लोगों के बीच जाकर जनजागरण अभियान चलाएगी।



