Follow Us:

हिमाचल पुलिस विभाग में कांस्टेबल भर्ती प्रक्रिया शुरू

पी.चंद |

हिमाचल प्रदेश पुलिस विभाग में कांस्टेबल की भर्ती प्रक्रिया शुरू हो गई है। इस बारे में जानकारी देते हुए पुलिस विभाग के प्रवक्ता ने बताया कि पुलिस महानिदेशक द्वारा 1334 कांस्टेबलों की भर्ती के लिए भर्ती सूचना जारी की गई है। इसमें 932 पुरूष कांस्टेबल, 311 महिला कांस्टेबल और 91 चालक कांस्टेबल के पद शामिल हैं। भर्ती सूचना हिमाचल प्रदेश पुलिस विभाग की अधिकारिक वेबसाइट www.hppolice.gov.in पर अपलोड की गई है। उन्होंने कहा कि भर्ती के लिए सभी इच्छुक व पात्र उम्मीदवार वेबसाइट से भर्ती सूचना डाउनलोड कर सकते हैं।

प्रदेश में आठ जगह पर हेल्प डेस्क स्थापित

पुलिस ने भर्ती के इच्छुक अभ्यर्थियों के लिए प्रदेश में आठ जगह पर हेल्प डेस्क स्थापित किए हैं। इनमें भर्ती से जुड़ी जानकारी मुहैया करवा जा रही है। ये हेल्पडेस्क पुलिस प्रशिक्षण महाविद्यालय डरोह, कांगड़ा, प्रथम ससश्त्र वाहिनी जुन्गा शिमला, प्रथम भारत आरक्षित वाहिनी बनगढ़ ऊना, द्वितीय भारत आरक्षित वाहिनी सकोह कांगड़ा, तृतीय भारत आरक्षित वाहिनी पंडोह मंडी, चतुर्थ भारत आरक्षित वाहिनी जंगलबैरी हमीरपुर, चांचवीं भारत आरक्षित वाहिनी महिला बस्सी बिलासपुर और छठी भारत आरक्षित वाहिनी धौलाकुआं जिला सिरमौर में स्थापित किए गए हैं।