Follow Us:

Covid 19: कांगड़ा में कोरोना से 3 की मौत, दोपहर तक आए 5 नए मामले

मृत्युंजय पुरी |

कांगड़ा में आज तीन लोगों की कोरोना से मौत हो गई है। जबकि पांच लोग कोरोना पॉजिटिव आए हैं। मृतकों में अनसोली मटौर निवासी 66 वर्षीय व्यक्ति 16 सितंबर को उपचार के लिए अस्पताल में दाखिल करवाया गया था। रात एक बजे व्यक्ति की कोरोना के कारण मौत हो गई। जयसिंहपुर निवासी 68 वर्षीय व्‍यक्‍ति 17 सितंबर को सुबह पांच बजे अस्पताल में दाखिल करवाया गया था। लेकिन सुबह छह बजे इसकी कोरोना के कारण मौत हो गई। वहीं, पुराना कांगड़ा निवासी 70 वर्षीय व्यक्ति को क्षेत्रीय अस्‍पताल में 17 सितंबर को रात सात बजे दाखिल करवाया गया था। इसकी रात को कोरोना के कारण मौत हो गई। ट्रूनाट टेस्ट में रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।

वहीं, आज आए 5 संक्रमितों में चंबा निवासी 63 वर्षीय व्यक्ति टांडा मेडिकल कॉलेज अस्पताल में उपचाराधीन है। यह व्यक्ति पॉजिटिव आया है। इसके अलावा आलमपुर निवासी 77 वर्षीय व्यक्ति भी पॉजिटिव आया है। यह व्यक्ति टांडा में उपचाराधीन है। कांगड़ा निवासी 54 वर्षीय महिला भी पॉजिटिव आई है, जोगीपुर कांगड़ा निवासी 52 वर्षीय व्यक्ति सहित पुराना कांगड़ा निवासी 70 वर्षीय व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव आया है। इन सभी का उपचार टांडा मेडिकल कॉलेज अस्पताल में चल रहा था। यह सभी कोरोना पॉजिटिव आए हैं। इसके साथ ही जिला में कोरोना के कुल मामले 1740 हो गए हैं, जबकि मृतकों की संख्या 20 से बढ़कर 23 हो गई है। 

बता दें कि प्रदेश में दोपहर तक कोरोना के 100 नए मामले सामने आए हैं। जबकि आज 15 लोग स्वस्थ हुए हैं। इसके अलावा प्रदेश में कोरोना से आज 7 लोगों की मौत हुई है। इनमें से 3 मौत आईजीएमसी शिमला, 3 मौत टांडा और एक मौत नेरचोक मेडिकल कॉलेज में रिपोर्ट की गई है। इन 7 मौत के साथ ही प्रदेश में कोरोना से मरने वालों की संख्या बढ़कर 105 हो गई है। वहीं, प्रदेश में कोरोना का कुल आंकड़ा 11290 हो गया है। इसमें से 4221 मामले एक्टिव हैं।