➤ 53 राष्ट्रमंडल देशों के स्पीकर्स व पीठासीन अधिकारी सम्मेलन में मौजूद
➤ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने किया उद्घाटन और दिया मुख्य संबोधन
➤ वैश्विक शांति, लोकतंत्र और विकास पर हुई गहन चर्चा
हिमाचल प्रदेश विधान सभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानियां 14 से 16 जनवरी 2026 तक संसद भवन, नई दिल्ली में आयोजित 28वें अंतरराष्ट्रीय स्पीकर और पीठासीन अधिकारियों के सम्मेलन (CSPOC) में शामिल हुए। इस प्रतिष्ठित सम्मेलन में 53 राष्ट्रमंडल देशों के राष्ट्रीय स्पीकर्स और पीठासीन अधिकारियों ने भाग लिया।
सम्मेलन का उद्घाटन सुबह 10:30 बजे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संविधान सदन के केंद्रीय हॉल में आगमन के साथ हुआ। प्रधानमंत्री ने सम्मेलन का शुभारंभ करते हुए प्रमुख संबोधन भी दिया।
इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन की मेजबानी लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला कर रहे हैं, जो 28वें राष्ट्रमंडल स्पीकर्स सम्मेलन के अध्यक्ष भी हैं। इसमें 28 राज्यों के पीठासीन अधिकारियों को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया था, जिनमें हिमाचल प्रदेश विधान सभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानियां भी शामिल रहे।
सम्मेलन को राज्य सभा उपसभापति हरिवंश, राष्ट्रमंडल संसदीय संघ के अध्यक्ष क्रिस्टोफर कलिला, अंतर-संसदीय संघ के अध्यक्ष तूलिया ऐक्सन और लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला ने भी संबोधित किया।
कुलदीप पठानियां ने कहा कि अंतर-संसदीय संघ राष्ट्रीय संसदों का एक वैश्विक संगठन है, जो संसदीय कूटनीति को मजबूत करता है और विश्वभर में शांति, लोकतंत्र और सतत विकास को बढ़ावा देता है।
उन्होंने कहा कि ऐसे अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन दुनिया के देशों को एक मंच पर लाकर ज्वलंत और समसामयिक मुद्दों पर सार्थक चर्चा का अवसर देते हैं और वैश्विक समाधान खोजने में मदद करते हैं।
पठानियां ने बताया कि आज विश्व बेरोजगारी, आतंकवाद, अलगाववाद और सीमा विवाद जैसी जटिल समस्याओं से जूझ रहा है और ऐसे मंचों पर इनका शांतिपूर्ण व स्थायी समाधान खोजने के प्रयास किए जाते हैं।
उन्होंने आशा जताई कि सम्मेलन में उठाए गए विषयों से देश और दुनिया को नई दिशा मिलेगी और इसके दूरगामी सकारात्मक परिणाम सामने आएंगे।
इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश विधान सभा सचिव यशपाल शर्मा भी उपस्थित रहे।



