Follow Us:

सेंट्रल यूनिवर्सिटी के अच्छे दिन के संकेत, पीएम जल्द कर सकते हैं शिलान्यास!

मृत्युंजय पुरी, धर्मशाला |

हिमाचल में 9 साल से राजनीति का अखाड़ा बने हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय का शिलान्यास अक्टूबर में हो सकता है। इसकी प्रक्रिया प्रदेश सरकार और केंद्रीय विश्वविद्यालय द्वारा जोरों-शोरों से जारी है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार केंद्रीय विश्वविद्यालय का शिलान्यास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अक्टूबर में कर सकते हैं।

जानकारी के मुताबिक इस बार केंद्रीय विश्वविद्यालय प्रशासन की तरफ से पीएमओ को भी एक ख़त लिखा गया है और प्रधानमंत्री से शिलान्यास का अनुरोध किया गया है। केंद्रीय विश्वविद्यालय का शिलान्यास प्रधानमंत्री द्वारा दोनों ही स्थानों देहरा और धर्मशाला के जदरांगल में किए जाने की सूचना है। यदि सब कुछ ठीक रहा तो देहरा में 34 हेक्टेयर और जदरांगल में 24 हेक्टेयर केंद्रीय विश्वविद्यालय के लिए चयनित भूमि में शिलान्यास प्रधानमंत्री कर सकते हैं।

लोकसभा चुनावों के मद्देनजर भी इस शिलान्यास को देखा जा रहा है। क्योंकि, प्रदेश में चाहें कांग्रेस या बीजेपी की सरकार हो… दोनों ने केंद्रीय विश्वविद्यालय का मुद्दा लटका के ही रखा है। जानकारी यह भी सामने आ रही है कि प्रधानमंत्री इसी दौरान चम्बा में लगने वाले सीमेंट उद्योग का भी शिलान्यास कर सकते हैं। इस साल के अंत में होने वाले केंद्रीय विश्वविद्यालय के 5वें दीक्षांत समारोह में भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शिरकत कर सकते हैं। जानकारी के अनुसार यह खाका केंद्रीय विश्वविद्यालय द्वारा बनाया गया है कि पहले अक्तूबर माह में केंद्रीय विश्वविद्यालय का दोनों स्थानों पर शिलान्यास करवाने के बाद प्रधानमंत्री से ही दिक्षांता समारोह में बच्चों को डिग्रियां दिलवाई जाएं।