Follow Us:

बर्फबारी से ऊपरी हिस्सों में कर्फ्यू का माहौल, रामपुर में ठंड ने तोड़ा 30 साल का रिकॉर्ड

नवनीत बत्ता |

हिमाचल के ऊपरी हिस्सों में बर्फबारी ने कर्फ्यू सा माहौल बना दिया है। बर्फ ने इन क्षेत्रों में पिछले 30 साल का रिकार्ड तोड़ दिया है। किन्नौर और रामपुर के सभी सम्पर्क मार्ग अवरुद्ध हो गए है। अधिक बर्फ की वजह से बिजली आपूर्ति व्यवस्था भी अधिकतर ग्रामीण क्षेत्रों में 30 घंटों से ठप है। रामपुर और आस पास के प्रमुख कस्बों में भी 24 घंटे से बिजली गुल रही। परिवहन सेवा भी पटरी से उतर गई है। दर्जनों बसें बर्फ के कारण रास्तों पर ही फंसी हैं। सरकारी तंत्र ने बिजली और यात्रायात सेवा बहाल करने के प्रयास तेज़ किए हैं। लेकिन विकट परिस्थितियों के कारण हालात सामान्य करने में दिक्कतें आ रही हैं।

बर्फबारी के बाद ठंड और यातायात सेवा बाधित होने से  बाजारों में कर्फ्यू सा माहौल बना है। लोग दुकानें बंद कर घरों में ही दुबके रह रहे हैं। ठंड से बचने के लिए लोग आग जलाकर समय निकाल रहे हैं। अधिक बर्फबारी से पेड़ पौधों को भी काफी नुकसान हुआ है। दिसम्बर, जनवरी में गिरने वाली बर्फ सुखी होती है और पेड़ पौधों में चिपक जाती है। ऐसे में अधिक भार के कारण पेड़ पौधे टूट जाते हैं। सभी सेवाएं ठप होने से लोग परेशान हैं। लेकिन बागवानों में खुशी का माहौल है। यह बर्फबारी सेब और अन्य नकदी फसलों के लिए उत्तम माना जा रहा है। प्रशासन का कहना है कि जल्द ही हालात सामान्य किए जाएंगे।