Follow Us:

हिमाचल में चक्रवात अर्नब का दिखेगा असर, इन छह जिलों में बिजली गिरने का अलर्ट

➤ चक्रवात अर्नब के असर से हिमाचल में 29 से 31 अक्तूबर तक बदलेगा मौसम

➤ छह जिलों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने का अलर्ट

➤ ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी के आसार, एक नवंबर से मौसम साफ


शिमला। बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती तूफान अर्नब का असर हिमाचल प्रदेश के मौसम पर पड़ने की संभावना है। इसके प्रभाव से 29 से 31 अक्तूबर तक प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम करवट ले सकता है। इस दौरान शिमला, मंडी और सोलन सहित कई क्षेत्रों में बारिश हो सकती है, जबकि ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी के आसार हैं। वीरवार सुबह शिमला में मौसम ने करवट ले ली है। यहां हल्की बूंदाबांदी के साथ बादल छाए हुए हैं।

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने वीरवार को छह जिलों और शुक्रवार को पांच जिलों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की आशंका जताई है। बारिश के चलते दिन के तापमान में गिरावट आने और ठंड बढ़ने का अनुमान है। एक नवंबर से मौसम साफ रहने की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार वीरवार को कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला, सोलन और सिरमौर जिलों में कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की आशंका है। शुक्रवार को कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला और सिरमौर में ऐसी मौसमी गतिविधियां हो सकती हैं। वहीं शिमला, सोलन, सिरमौर, कुल्लू और किन्नौर के कुछ हिस्सों में 29 और 30 अक्तूबर को हल्की बारिश होने के आसार हैं। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी भी हो सकती है। 31 अक्तूबर और एक नवंबर के लिए किसी जिले में अलग से चेतावनी जारी नहीं की गई है।

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक शोभित कटियार के अनुसार चक्रवात अर्नब का प्रभाव प्रदेश में महसूस किया जा सकता है। तट से टकराते समय तूफान की रफ्तार 125 से 135 किलोमीटर प्रति घंटा थी। इसके बाद यह उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए कमजोर पड़ गया। इसके अवशेष छत्तीसगढ़ और पूर्वी मध्य प्रदेश से होकर आगे बढ़ सकते हैं। इसी मौसमी प्रणाली के प्रभाव से 29 और 30 अक्तूबर को हिमाचल प्रदेश के मौसम में बदलाव की संभावना है। 31 अक्तूबर को भी कुछ क्षेत्रों में इसका असर रह सकता है।