Follow Us:

कांगड़ा में कोरोना का खतरा बढ़ा!, हुई बड़ी प्रशासनिक चूक, पढ़े क्या है मामला

मृत्युंजय पूरी |

विकास खंड फतेहपुर में कोविड-19 को लेकर बड़ी प्रशासनिक चूक सामने आई है। यहां प्रशासन ने मध्य प्रदेश से लौटे एक व्यक्ति को तो संसारपुर टैरेस में क्वारंटीन कर लिया लेकिन उसके साथ आई उसकी पत्नी को क्वारंटीन करने की बजाय घर भेज दिया। तहसीलदार जसवां कोटला अनुसार महिला को होम क्वारंटीन के लिए भेज दिया गया था और इसकी सूचना फतेहपुर प्रशासन को दे दी गई थी।

ख़बर है कि मध्य प्रदेश से लौटी महिला ससुराल जगनोली नहीं गई और अपने मायके में चली गई और वहां पर भी पंचायत को सूचना नहीं दी गई। इस चूक का कहीं अन्य को भी खामियाजा न भुगतना पड़ जाए। महिला कहां रह रही है, इसके बारे में फतेहपुर प्रशासन को भी कोई सूचना नहीं है। महिला के ससुराल पंचायत प्रधान जगरूप सिंह से बात हुई तो उन्होंने कहा कि हमें इस महिला के आने की कोई जानकारी नहीं है, वहीं मायके पक्ष की पंचायत जगनोली प्रधान शारदा देवी ने भी महिला की पंचायत में आने की जानकारी न होने की बात कही।

आखिरकार इसमें चूक कहां हुई है। अगर उक्त महिला संक्रमित पाई जाती है तो कई अन्य लोग भी उसकी चपेट में आ जाएंगे। फिलहाल प्रशासन जानकारी जुटाने में जुटा हुआ है कि आखिरकार चूक कहां हुई है। बुद्धिजीवियों ने जिलाधीश कांगड़ा से मांग की है कि इस पर कार्रवाई अमल में लाई जाए। वाजिब तौर पर ये भी कहा जा रहा है कि सेंटर में महिला को रखने के लिए उक्त बंदोबस्त नहीं थे जिसके चलते उन्हें होम क्वारंटीन के लिए भेज उनकी जानकारी दी गई थी।

वहीं, इस बारे में बीएमओ फतेहपुर डॉ रंजन मेहता ने बताया कि महिला के आने की स्वास्थ्य विभाग को कोई जानकारी नहीं मिली। उन्होंने कहा कि अब टीमों को भेजा गया है। उधर, तहसीलदार जसवां कोटला ने कहा कि क्वारंटीन सेंटर संसारपुर टैरेस में महिला को रखने की व्यवस्था नहीं है जिसके चलते महिला को होम क्वारंटीन के लिए भेज दिया गया था और इसकी सूचना फतेहपुर प्रशासन को भी दे दी गई थी। महिला को होम क्वारंटीन करना फतेहपुर प्रशासन की जिम्मेवारी बनती है।

मामले को लेकर डीसी कांगड़ा राकेश प्रजापति ने कहा कि जो भी लोग महिला के संपर्क में आए हैं, उनके टेस्ट लिए जाएंगे। उसकी कॉन्टेक्ट हिस्ट्री को खंगाला जाएगा और महिला के संपर्क में आए हर व्यक्ति के टेस्ट किए जाएंगे।