Follow Us:

सऊदी अरब में मुस्लिम बताकर दफना दिया ऊना के संजीव का शव

पी. चंद |

जिला ऊना के संजीव कुमार की सऊदी अरब में मौत हो गई। लेकिन संजीव को मुस्लिम बनाकर दफना दिया गया। परिवारिक सदस्यों ने इसको लेकर नाराज़गी ज़ाहिर की है और उसकी डेडबॉडी को भारत लाये जाने की गुहार लगाई है। ताकि उसका अंतिम संस्कार हिन्दू रीति रिवाज के अनुसार किया जा सके। मृतक संजीव शर्मा 23 वर्षों से सऊदी अरब में एक कंपनी में कार्यरत थे, जबकि पिछले साढे 3 साल से वह सऊदी में ही रह रहे थे। इसी बीच दिसंबर 2020 में उनकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके चलते 24 जनवरी 2021 को उनकी मौत हो गई। 18 फरवरी शाम को कंपनी के मालिक ने संजीव शर्मा के भाई राजीव शर्मा को एक संदेश के जरिए यह बताया कि उन्होंने संजीव के शव को सऊदी में ही दफना दिया है।

जिला ऊना के शहर के वार्ड नंबर 2 निवासी संजीव शर्मा की सऊदी अरब में बीमारी के चलते करीब 1 माह पहले मौत हो गई थी। संजीव के परिजन उसके शव को भारत लाए जाने की मांग कर रहे थे, लेकिन  सऊदी अरब में संजीव शर्मा के शव को दफना दिया गया। संजीव शर्मा की मौत के बाद शव के इंतजार में घर में बैठी मां ने भी दम तोड़ दिया है। संजीव के परिजनों ने संजीव के शव को वापस लाने की मांग उठाई है ताकि हिन्दू रीति रिवाज के साथ उसका अंतिम संस्कार किया जा सके।

जिला प्रशासन के मुताबिक़ मामला उनके ध्यान में है। जिस पर कार्रवाई शुरू कर दी है और पारिवारिक सदस्यों से ज़रूरी डॉक्यूमेंट फॉर्मेलिटी पूरी करने को कहा गया है।