➤ कमर्शियल LPG सिलेंडर 10 रुपये सस्ता, घरेलू सिलेंडर के दाम जस के तस
➤ ATF Fuel महंगा, हवाई यात्रा किराए बढ़ने की संभावना
➤ PAN–Aadhaar लिंकिंग और ITR Filing की अहम डेडलाइन दिसंबर में
दिसंबर की शुरुआत आम जनता के बजट पर सीधा प्रभाव डालने वाली साबित हो रही है। एक ओर कमर्शियल LPG सिलेंडर 10 रुपये सस्ता हुआ है, जबकि दूसरी ओर एयर टर्बाइन फ्यूल (ATF) के महंगा होने से हवाई यात्रा के किराए बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। इसके साथ ही दिसंबर में टैक्स और बैंकिंग से जुड़े कई बड़े बदलाव लागू हो चुके हैं।
तेल कंपनियों ने 1 दिसंबर 2025 से कमर्शियल LPG सिलेंडर के दाम 10 रुपये घटाए हैं। इसके बाद दिल्ली में 19 किलोग्राम वाला सिलेंडर 1590.50 रुपये से घटकर 1580.50 रुपये का हो गया है। वहीं, घरेलू LPG सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है, जिससे घरों में उपयोग होने वाले सिलेंडर के उपभोक्ताओं को राहत नहीं मिली है।
इधर, ATF की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी गई है। इससे विमान कंपनियों की लागत बढ़ेगी और हवाई किराए में इजाफा संभव है।
साल के अंत में PAN–Aadhaar लिंकिंग की आखिरी तारीख नजदीक आ गई है। 31 दिसंबर 2025 तक लिंकिंग न कराने पर PAN डी-एक्टिव हो सकता है, जिसके बाद ITR Filing, बैंक KYC और सरकारी सब्सिडी सभी प्रभावित होंगी।
वहीं, 1 करोड़ से अधिक टर्नओवर वाले बिजनेस और प्रोफेशनल्स के लिए ITR Filing की डेडलाइन 10 दिसंबर 2025 है। लेट फीस के साथ अंतिम तारीख 31 दिसंबर 2025 तक रखी गई है। 5 लाख तक इनकम वालों के लिए 1000 रुपये और इससे ऊपर वालों के लिए 5000 रुपये तक लेट फीस देनी होगी।
RBI Monetary Policy Committee की बैठक 3 से 5 दिसंबर के बीच होगी। इसमें रेपो रेट में 0.25% की कटौती की उम्मीद है, जिससे लोन सस्ता हो सकता है।
दिसंबर में 17 दिन बैंक हॉलिडे रहने की संभावना है। ये छुट्टियां राज्यों के अनुसार अलग-अलग होंगी, इसलिए बैंक जाने से पहले RBI की बैंक हॉलिडे लिस्ट देखना जरूरी है।



