Follow Us:

कांग्रेस नेता के होटल में जा घुसा ट्रक, तीन वाहनों और मेन गेट को नुकसान

देहरा में तेज रफ्तार ट्रक हवेली होटल के गेट को तोड़कर रिसेप्शन तक जा घुसा
ड्राइवर ढाई घंटे तक ट्रक में फंसा रहा, हालत गंभीर होकर टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर
होटल, गाड़ी, बाइक और टूरिस्ट व्हीकल को भारी नुकसान, पुलिस जांच में जुटी


कांगड़ा जिले के देहरा में रविवार देर रात करीब 12:45 बजे एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ। तेज रफ्तार ट्रक ने अचानक नियंत्रण खो दिया और सीधे होटल हवेली के मुख्य गेट को तोड़ते हुए अंदर जा घुसा। जोरदार टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक रिसेप्शन तक पहुंच गया और होटल की दीवारों में दरारें पड़ गईं। हादसे में होटल की पार्किंग में खड़ी एक गाड़ी, एक बाइक और एक टूरिस्ट व्हीकल भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।

देहरा में हवेली होटल से टकराया ट्रक और मौके पर बिखरा सामान।

यह होटल कांग्रेस नेता एवं हिमाचल प्रदेश शिक्षा बोर्ड के चेयरमैन डॉ. राजेश शर्मा का बताया जा रहा है। हादसे के समय होटल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। होटल मैनेजर दलजीत शर्मा ने बताया कि अच्छी बात यह रही कि हादसे के वक्त रिसेप्शन पर कोई मौजूद नहीं था, वरना बड़ा नुकसान हो सकता था।

देहरा होटल के गेट से टकराया तेज रफ्तार ट्रक।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक ड्राइवर ट्रक के केबिन में बुरी तरह फंस गया। उसे बाहर निकालने में करीब ढाई घंटे का समय लगा। मौके पर मौजूद रेस्क्यू टीम ने इलेक्ट्रिक कटर से ट्रक के हिस्से को काटकर ड्राइवर को बाहर निकाला। पहले उसे देहरा अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। ड्राइवर को शरीर में कई गंभीर चोटें आई हैं और उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।

प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि रात के समय जोरदार धमाका सुनाई दिया। जब लोग मौके पर पहुंचे तो ट्रक पूरी तरह होटल के अंदर घुसा हुआ था और चारों ओर मलबा बिखरा पड़ा था। हादसे से होटल के गेट और दीवार को भारी नुकसान पहुंचा है।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हादसे की असली वजह तेज रफ्तार और ट्रक चालक का वाहन पर से नियंत्रण खोना बताई जा रही है। स्थानीय लोग इस हादसे को देखते हुए सड़कों पर वाहनों की तेज रफ्तार रोकने और सुरक्षा उपायों को सख्त करने की मांग कर रहे हैं।