- दिल्ली के मालवीय नगर स्थित लेमन ग्रीन रेस्टोरेंट में भीषण आग लगने से 20 लोगों की मौत
- फायर विभाग ने अब तक 37 लोगों को सुरक्षित निकाला, कई घायलों की हालत गंभीर
- 6 मंजिला इमारत में चल रहा था फ्लोरिस स्टे होटल, रेस्क्यू ऑपरेशन अभी भी जारी
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के मालवीय नगर इलाके में बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां स्थित लेमन ग्रीन रेस्टोरेंट में लगी भीषण आग ने देखते ही देखते पूरी इमारत को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में अब तक 20 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई अन्य लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं।

दिल्ली फायर सर्विस (DFS) के अनुसार सुबह करीब 8:50 बजे आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।

फायर अधिकारियों के मुताबिक अब तक 37 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है। बेसमेंट में फंसे छह से अधिक लोगों का भी सफलतापूर्वक रेस्क्यू किया गया है। हालांकि कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसके चलते मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका बनी हुई है।

स्थानीय लोगों के अनुसार जिस इमारत में आग लगी, वह 6 मंजिला भवन है। भवन में फ्लोरिस स्टे होटल संचालित किया जाता था। बताया जा रहा है कि सुबह करीब 8:51 बजे ग्राउंड फ्लोर पर आग भड़की। आग पर काबू पाने के प्रयासों के दौरान जब कांच तोड़ा गया तो लपटें और धुआं तेजी से बेसमेंट तक फैल गया, जिससे अंदर मौजूद लोग फंस गए।
घटना की गंभीरता को देखते हुए दमकल विभाग की 10 गाड़ियों को मौके पर तैनात किया गया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन इमारत के भीतर तलाशी और बचाव अभियान अभी भी जारी है।
प्रशासन ने आसपास के क्षेत्र को घेरकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। आग लगने के कारणों का अभी तक आधिकारिक खुलासा नहीं हुआ है। प्रारंभिक जांच के बाद ही हादसे के पीछे की वजह स्पष्ट हो सकेगी।
यह हादसा राजधानी में अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं पर भी गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।



