Follow Us:

दिल्ली-शिमला विमान की लैंडिंग फेल, यात्रियों को लेकर वापस पड़ा लौटना

कम दृश्यता के कारण शिमला एयरपोर्ट पर नहीं उतर सका विमान

दिल्ली से आए एलायंस एयर विमान को वापस लौटना पड़ा

सात महीने बाद शुरू हुई सेवा पहले दिन ही मौसम की मार से प्रभावित


दिल्ली-शिमला हवाई सेवा सात महीने बाद दोबारा शुरू होने के पहले ही दिन मौसम की मार झेलती नजर आई। रविवार सुबह दिल्ली से शिमला पहुंचा एलायंस एयर का विमान कम दृश्यता के कारण जुब्बड़हट्टी एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग नहीं कर सका और उसे वापस दिल्ली लौटना पड़ा। इससे यात्रियों को भारी निराशा का सामना करना पड़ा।

जानकारी के अनुसार विमान रविवार सुबह 7:20 बजे दिल्ली से रवाना हुआ था और करीब 8:35 बजे शिमला पहुंचा, लेकिन खराब मौसम और कम विजिबिलिटी के चलते पायलट को विमान वापस दिल्ली ले जाना पड़ा। विमान में कुल छह यात्री सवार थे। वहीं शिमला से सुबह 11:30 बजे दिल्ली के लिए निर्धारित उड़ान में चार यात्रियों ने बुकिंग करवाई थी, लेकिन मौसम की खराब स्थिति के चलते यह उड़ान भी प्रभावित रही।

बताया जा रहा है कि शिमला एयरपोर्ट पर विमान की सुरक्षित लैंडिंग के लिए न्यूनतम 5000 मीटर दृश्यता जरूरी होती है, जबकि रविवार सुबह एयरपोर्ट पर दृश्यता करीब 4000 मीटर दर्ज की गई। ऐसे में विमान को उतारना जोखिमभरा माना गया।

दरअसल, शिमला एयरपोर्ट पर उड़ानों का संचालन पूरी तरह विजुअल फ्लाइट रूल्स (VFR) के तहत होता है। इसका मतलब यह है कि विमान संचालन मौसम और दृश्यता पर निर्भर करता है। यदि आसमान साफ न हो और रनवे स्पष्ट दिखाई न दे, तो विमान की लैंडिंग संभव नहीं होती।

गौरतलब है कि लंबे समय बाद रविवार से दिल्ली-शिमला और शिमला-दिल्ली रूट पर नियमित हवाई सेवाएं फिर शुरू की गई थीं। एलायंस एयर को मंगलवार छोड़कर सप्ताह के बाकी सभी दिनों में उड़ानें संचालित करनी हैं। हालांकि पहले ही दिन मौसम ने इस सेवा की राह मुश्किल कर दी।

इस बार हवाई किरायों में भी भारी बढ़ोतरी देखने को मिली है। जानकारी के अनुसार दिल्ली-शिमला रूट पर किराया 65 से 96 फीसदी तक बढ़ाया गया है। इसके बावजूद लोगों में हवाई सेवा को लेकर उत्साह बना हुआ था, लेकिन खराब मौसम ने यात्रियों की उम्मीदों पर पानी फेर दिया।

भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण शिमला एयरपोर्ट के निदेशक सतीश कुमार ने बताया कि कम दृश्यता के कारण विमान की सुरक्षित लैंडिंग संभव नहीं हो सकी। उन्होंने कहा कि शिमला एयरपोर्ट पर वीएफआर नियमों के तहत संचालन होता है और निर्धारित मानकों से कम दृश्यता होने पर उड़ानों को प्रभावित होना पड़ता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सोमवार को मौसम साफ रहने पर उड़ान संचालन सामान्य हो सकता है।