Follow Us:

शाही जलेब के साथ मंडी शिवरात्रि महोत्सव-2025 का भव्य शुभारंभ

| Updated :

  • शाही जलेब के साथ शुभारंभ – मंडी में अंतर्राष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव-2025 की शुरुआत राजदेवता माधोराय की शाही जलेब से हुई, जिसमें मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने भाग लिया।
  • मौसम के बावजूद उल्लास – खराब मौसम के बावजूद ढोल-नगाड़ों और पारंपरिक नृत्यों के साथ सैकड़ों देवलुओं ने जलेब में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
  • सांस्कृतिक रंगारंग कार्यक्रम – हिमाचली और मंडयाली संस्कृति के विभिन्न नृत्य, देव परंपराओं और विशेष झांकियों ने महोत्सव में रंग भरा।     

Mandi Shivratri Festival 2025 :भारी बारिश के बीच छोटी काशी मंडी में वीरवार को अंतर्राष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव-2025 का शुभारंभ राजदेवता माधोराय की शाही जलेब के साथ किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने राजदेवता माधोराय के मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना की और शाही जलेब में भाग लिया।

मौसम के बिगड़ते मिजाज के बावजूद पारंपरिक ढोल-नगाड़ों की ध्वनि पर थिरकते सैकड़ों देवलू उत्साहपूर्वक जलेब में शामिल हुए। इस भव्य शोभायात्रा की शुरुआत उपायुक्त कार्यालय परिसर से हुई और पड्डल मैदान में इसका समापन हुआ, जहां मुख्यमंत्री ने ध्वजारोहण कर महोत्सव का औपचारिक उद्घाटन किया।

शाही जलेब के दौरान पुलिस के घुड़सवार दल, होमगार्ड बैंड, महिला पुलिस, होमगार्ड्स, पूर्व सैनिक टुकड़ियां और सांस्कृतिक दलों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से लोगों का मन मोह लिया।

बालीचौकी क्षेत्र के मशहूर फागली नृत्य, मुखौटा नृत्य, महिलाओं की नाटी और मंडी के नागरीय नृत्य ने पारंपरिक सांस्कृतिक छटा बिखेरी।

प्रजापिता ब्रह्मकुमारी संस्था की ओर से विशेष झांकी के माध्यम से शिवरात्रि के संदेश को जन-जन तक पहुंचाया गया। माधोराय की पहली जलेब में बालीचौकी क्षेत्र के देवता छानणू-झमाहूं की जोड़ी ने ढोल-नगाड़ों की धुन पर नृत्य किया।

इसके बाद विभिन्न देवताओं की पालकियों ने शोभायात्रा में भाग लिया, जिनमें देव कोटलू नारायण, देव सरोली मार्कंडेय, देव शैटी नाग, देवी डाहर की अंबिका, देव विष्णु मतलोड़ा और कई अन्य देव पालकियां शामिल थीं।

इस अवसर पर धर्मपुर के विधायक चंद्रशेखर, एचपीएमसी अध्यक्ष संजीव गुलेरिया, पूर्व मंत्री कौल सिंह ठाकुर, पूर्व सी.पी.एस. सोहन लाल ठाकुर, प्रदेश कांग्रेस सचिव एवं जोगिंद्रनगर से पूर्व प्रत्याशी जीवन ठाकुर, सरकाघाट से कांग्रेस के पूर्व प्रत्याशी पवन ठाकुर, उपायुक्त अपूर्व देवगन और एस.पी. साक्षी वर्मा ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई।