Follow Us:

प्रदेश में नशे को जड़ से खत्म करने के लिए काम कर रही पुलिस: DGP

समाचार फर्स्ट डेस्क |

हिमाचल प्रदेश से नशे की जड़ों को पुरी तरह से उखाड़ने के लिए पुलिस कार्य कर रही है। हिमाचल प्रदेश पुलिस डीजीपी सीता राम मरड़ी ने शनिवार को एसपी कार्यालय में नोर्थ जोन की दूसरे चरण की एसएचओ कांफ्रेस करने के बाद पत्रकारवार्ता के दौरान कही। उन्होंने कहा कि इन सैशन से लगातार पुलिस कर्मचारियों की कार्यशैली में सुधार हो रहा है। शनिवार को ऊना, कांगड़ा व चंबा के एसएचओ के साथ दूसरे चरण की कांफ्रेस का आयोजन किया गया।

बैठक के बाद पत्रकारों के साथ बातचीत करते हुए पुलिस महानिदेशक ने बताया कि हिमाचल प्रदेश में पुलिस कानून व्यवस्था को सुचारू बनाने में प्रयासरत है। इस के लिए हाल ही में पड़ोसी राज्यों के मुख्यमंत्रियों की चंडीगढ़ में बैठक आयोजित की गई, जिसमें यह तय किया गया कि इस बारे संयुक्त रणनीति बनाई जाएगी। जिसके तहत पंचकुला में एक इंफोरमेशन सेंटर बनाने की बात हुई है। इसके साथ ही डीजीपी ने बताया कि पुलिस की ओर से बनाई गई नशा निवारण समितियां जनता का सहयोग ले रही है, जबकि नशे के खात्मे के लिए पुलिस अधिकारी वह स्वयं भी स्कूल व कॉलेजों में जा रहे है। पुलिस के द्वारा भांग व अफीम की खेती को भी नष्ट किया जा रहा है।

कांगड़ा, ऊना, सोलन, बद्दी और नाहन में चलाया संयुक्त अभियान

उन्होंने कहा कि प्रदेश पुलिस ने पड़ोसी राज्यों के सहयोग से कांगड़ा, ऊना, सोलन, बद्दी और नाहन में संयुक्त अभियान चलाया है। इसके तहत अभी तक सवा 3 क्विंटल चरस व 6 किलो हेरोइन पकड़ी है। उन्होंने बताया कि हेरोइन का कारोबार जम्मू-कश्मीर व पंजाब से होते हुए हिमाचल में पहुंच रहा है व अधिकतर नाईजीरियन पैडलर्स इसमें संलिप्त पाए गए है। इस अवसर पर डीआईजी नोर्थ जोन अतुल फुलझले, एसपी कांगड़ा संतोष पटियाल, एसपी ऊना दिवाकर शर्मा और एसपी चंबा डा. मोनिका  इसमें मौजूद रहे।