Follow Us:

धर्मशाला में बारिश से बाढ़ जैसे हालात: घरों-दुकानों में घुसा पानी, लाखों के नुकसान की आशंका

धर्मशाला में मूसलाधार बारिश से कई इलाकों में जलभराव
घरों और दुकानों में घुसा पानी, सामान हुआ खराब
लोग बोले- नालियों की सफाई नहीं, प्रशासन की लापरवाही भारी


धर्मशाला/कांगड़ा। धर्मशाला और आसपास के क्षेत्रों में गुरुवार को हुई मूसलाधार बारिश ने शहर की जल निकासी व्यवस्था की पोल खोल दी। खजांची मोहल्ला स्थित किरपू मोड़ पर नाले ओवरफ्लो हो गए, जिससे सड़कें नदी जैसी नजर आने लगीं। तेज बहाव का पानी कई घरों और दुकानों में घुस गया, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

बारिश के कारण व्यापारियों का कीमती सामान, राशन, फर्नीचर और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पानी में डूब गए। स्थानीय लोगों ने बाल्टियों और अन्य साधनों से घरों व दुकानों से पानी निकालने का प्रयास किया। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, इस घटना में लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि नालियों की समय पर सफाई नहीं होने और जल निकासी व्यवस्था कमजोर होने के कारण हर बारिश में यही स्थिति बन जाती है। किरपू मोड़ पर निकासी मार्ग संकरा होने से ऊपरी क्षेत्रों का पानी सीधे रिहायशी इलाकों और बाजार में भर जाता है।

घटना के बाद लोगों ने नगर निगम और प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताते हुए स्थायी समाधान की मांग की है। उनका कहना है कि यदि मानसून की शुरुआत में ही यह हाल है तो आने वाले दिनों में स्थिति और गंभीर हो सकती है। लोगों ने प्रभावित क्षेत्रों का सर्वे कर नुकसान का आकलन करने और जल निकासी व्यवस्था को तुरंत दुरुस्त करने की मांग की है।