Follow Us:

धर्मशाला में पर्यटन को लगेंगे पंख: सकोह में बनेगा अंतरराष्ट्रीय स्तर का आइस स्केटिंग रिंक, मिलेंगी वर्ल्ड-क्लास सुविधाएं

  • धर्मशाला के सकोह में 33.78 करोड़ रुपये से बनेगा आधुनिक इंडोर आइस और रोलर स्केटिंग रिंक

  • स्केटिंग रिंक में 1,079 दर्शकों के बैठने की क्षमता, जिम, बिलियर्ड्स रूम और कैफे जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं होंगी उपलब्ध

  • धर्मशाला के सात वार्डों के लिए 9.82 करोड़ की आधुनिक सीवरेज व सेप्टेज परियोजना का हुआ लोकार्पण, 7500 परिवारों को मिलेगा सीधा लाभ


हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कांगड़ा जिला के धर्मशाला स्थित सकोह में खेल और पर्यटन अधोसंरचना को मजबूती देते हुए 33.78 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से बनने वाले इंडोर आइस स्केटिंग रिंक एवं रोलर स्केटिंग रिंक की विधिवत आधारशिला रखी। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के तैयार होने से क्षेत्र में शीतकालीन खेलों और खेल पर्यटन को नई ऊंचाइयां मिलेंगी। मुख्यमंत्री ने निर्माण एजेंसी एवं संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि कार्य की गुणवत्ता के साथ कोई समझौता न किया जाए और इसे निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए।

इस बहुउद्देशीय खेल परिसर को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप विकसित किया जा रहा है। भवन के बेसमेंट में अत्याधुनिक जिम, बिलियर्ड्स रूम और एक कैफेटेरिया की सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी। भूतल (धरातल मंजिल) पर गणमान्य अतिथियों के लिए वीआईपी लाउंज तैयार किया जाएगा, जबकि ऊपरी बालकनी में 1,079 लोगों के बैठने की दर्शक दीर्घा बनेगी। इसके अलावा रोलर स्केटिंग रिंक की दर्शक दीर्घा में 250 दर्शकों के बैठने की व्यवस्था होगी। परिसर में आने वाले खिलाड़ियों और दर्शकों की सुविधा के लिए 250 से अधिक वाहनों की पार्किंग का भी समुचित प्रावधान किया गया है।

खेल ढांचे के शिलान्यास के साथ ही मुख्यमंत्री ने धर्मशाला शहर को स्वच्छ और पर्यावरण हितैषी बनाने के उद्देश्य से 982 लाख रुपये (9.82 करोड़ रुपये) की लागत से तैयार अत्याधुनिक सीवरेज एवं सेप्टेज प्रबंधन सुविधा का लोकार्पण किया। 60 केएलडी प्रतिदिन क्षमता वाले इस आधुनिक संयंत्र के चालू होने से अब तक सीवरेज नेटवर्क से वंचित रहे धर्मशाला शहर के सात महत्वपूर्ण वार्ड सीधे जुड़ सकेंगे, जिससे क्षेत्र के लगभग 7,500 परिवारों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।

इस शिलान्यास एवं लोकार्पण समारोह के दौरान कृषि मंत्री चंद्र कुमार, ग्रामीण विकास मंत्री अनिरुद्ध सिंह, आयुष मंत्री यादविंद्र गोमा, उप मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया, हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास बोर्ड के अध्यक्ष आर.एस. बाली, हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा, मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार (डिजिटल प्रौद्योगिकी, सुशासन एवं नवाचार) गोकुल बुटेल, राज्य योजना बोर्ड के उपाध्यक्ष भवानी सिंह पठानिया, सांसद अनुराग शर्मा, विधायक आशीष बुटेल, सुरेश कुमार, मलेंद्र राजन, पूर्व विधायक अजय महाजन, पूर्व महापौर देवेंद्र जग्गी, वूल फेडरेशन अध्यक्ष मनोज कपूर और एपीएमसी कांगड़ा अध्यक्ष निशु मोंगरा सहित अनेक प्रशासनिक अधिकारी एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।