Follow Us:

धर्मशाला में नाबालिग बेटे ने पिता को गोली मारी, मौत, पुलिस ने 24 घंटे में सुलझाया केस

➤ धर्मशाला में पिता की गोली मारकर हत्या के आरोप में नाबालिग बेटा गिरफ्तार
➤ 24 घंटे के भीतर पुलिस ने गुरदासपुर से आरोपी को किया काबू
➤ विवाद की वजह से हुआ था वारदात, जांच अब भी जारी


 धर्मशाला में एक सनसनीखेज हत्याकांड का पुलिस ने मात्र 24 घंटे में पर्दाफाश कर दिया। यह मामला सुदेड़ पंचायत का है, जहां करीब शाम 5:15 बजे सूचना मिली कि एक व्यक्ति की मृत्यु हो गई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि मृतक को क्लोज रेंज से गोली मारी गई थी। घटना की गंभीरता और संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस थाना धर्मशाला की टीम के साथ क्यूआरटी भी मौके पर भेजी गई, ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे। पुलिस टीम के साथ अतिरिक्त एसपी, एसएचओ और एफएसएल टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए और तकनीकी सहायता का सहारा लिया।

SP कांगड़ा अशोक रत्न  ने बताया कि पुलिस ने वारदात की रूट प्रोफाइलिंग और मैपिंग करते हुए कई अहम लीड्स हासिल कीं। इसके आधार पर रातभर चले ऑपरेशन में आरोपी को गुरदासपुर से गिरफ्तार किया गया। चौंकाने वाली बात यह रही कि आरोपी मृतक का नाबालिग बेटा निकला। प्रारंभिक पूछताछ में पता चला कि दोनों के बीच विवाद चल रहा था, जिसके चलते यह हत्या हुई। पुलिस का कहना है कि यह मामला जुवेनाइल एक्ट के तहत आगे बढ़ाया जा रहा है।

पुलिस ने मौके से हत्या में इस्तेमाल हथियार बरामद कर लिया है। पोस्टमॉर्टम के बाद मृतक का शव परिजनों को सौंप दिया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि मामले की जांच अभी प्रारंभिक चरण में है और विवाद के सही कारण का पता लगाया जा रहा है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि भयभीत न हों, अपराधी चाहे कोई भी हो, कानून से नहीं बच पाएगा।