Follow Us:

नगर निगम चुनाव 2026: धर्मशाला में 29 अप्रैल को कांग्रेस प्रत्याशियों पर अंतिम मुहर संभव, भाजपा भी एक्टिव मोड में

➤ 29 अप्रैल को धर्मशाला में कांग्रेस की अहम बैठक, प्रत्याशियों के नाम तय होने की संभावना
➤ राहुल गांधी के दौरे से पहले उम्मीदवार चयन प्रक्रिया पूरी करने की तैयारी
➤ भाजपा भी रणनीति में जुटी, शिमला में प्रभारी संग मंथन तेज


हिमाचल प्रदेश में नगर निगम चुनावों को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। कांग्रेस पार्टी 29 अप्रैल को धर्मशाला में प्रस्तावित चुनाव समिति की बैठक में प्रत्याशियों के नामों पर अंतिम मुहर लगा सकती है। बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू, प्रदेश अध्यक्ष विनय कुमार और प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल सहित कई वरिष्ठ नेता इस बैठक में शामिल होंगे।

दरअसल, 30 अप्रैल को धर्मशाला में होने वाले कार्यक्रम में राहुल गांधी के संभावित दौरे को देखते हुए कांग्रेस नेतृत्व एक दिन पहले ही उम्मीदवारों की घोषणा करना चाहता है। इस बैठक में धर्मशाला, पालमपुर, मंडी और सोलन नगर निगमों के लिए नियुक्त प्रभारी और ऑब्जर्वर अपनी रिपोर्ट पेश करेंगे, जिसके आधार पर टिकट वितरण तय होगा।

इधर, भाजपा भी चुनावी तैयारियों में पीछे नहीं है। पार्टी के प्रदेश प्रभारी श्रीकांत शर्मा शिमला पहुंच चुके हैं, जहां पार्टी मुख्यालय में प्रत्याशियों के चयन को लेकर बैठकों का दौर जारी है। भाजपा नेतृत्व स्थानीय समीकरण, उम्मीदवारों की छवि और जीत की संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए रणनीति तैयार कर रहा है।

सूत्रों के अनुसार, दोनों प्रमुख दल इस बार नगर निगम चुनावों को प्रतिष्ठा की लड़ाई के रूप में देख रहे हैं। इसी कारण संगठनात्मक स्तर से लेकर बूथ स्तर तक सक्रियता बढ़ाने और जनसंपर्क अभियान को तेज करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।