Follow Us:

अयोध्या में राम मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा पर शिमला में मनाया गया दिवाली जैसा उत्सव

|

अयोध्या में राम मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम को लेकर देश भर में राम भक्तों में खासा उत्साह देखा गया। राजधानी शिमला में भी सोमवार के दिन को दिवाली के उत्सव की तरह मनाया गया।

प्रधानमंत्री के आह्वान पर राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने रिज मैदान पर दीप प्रज्वलित किया जबकि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने भी ओक ओवर में दीप जलाए। वहीं नेता विपक्ष जयराम ठाकुर ने रिज मैदान पर आतिशबाजी के कार्यक्रम में हिस्सा लिया।

इस मौके पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि राम देश के आदर्श हैं। उनके दिखाए गए मार्ग पर सभी को चलने का प्रयास करना चाहिए। अयोध्या में प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम हुआ है जिसमें कुछ लोगों को ही आमंत्रित किया गया है। जो लोग प्राण प्रतिष्ठा में नही जा पाए उन्होंने अपने घर में दीप जलाकर प्रभु राम के प्रति अपने मन के भाव को प्रकट किया है और मैंने भी अपने सरकारी आवास में दीप प्रज्वलित कर राम के प्रति अपनी आस्था को व्यक्त किया है।

वही इस मौके पर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय प्रवक्ता चरण सिंह सापरा ने भी ओक ओवर में मुख्यमंत्री के साथ दीप प्रज्वलित किया और कहा कि प्रभु राम सभी के मन में वास करते हैं इसमें राजनीति नहीं होनी चाहिए।

सत्ताधारी भाजपा राम को लेकर राजनीति कर रही है जो उचित नहीं है। इसके अलावा चरण सिंह सापरा ने असम में राहुल गांधी को मंदिर में जाने से रोकने पर कहा कि देश में लोकतंत्र नहीं ठोकतंत्र चल रहा है जिसका उदाहरण असम में देखने को मिला।पीएम मोदी को खुश करने के लिए असम के मुख्यमंत्री ने राहुल गांधी को मंदिर जाने से रोका जोकि भारत की मर्यादा और संस्कृति नही है।