➤ सिरदर्द, बीपी, शुगर से लेकर कैंसर और हार्ट तक की दवाएं NSQ घोषित
➤ कंपनियों को नोटिस, स्टॉक वापस मंगाने और कार्रवाई के आदेश
देश में दवाइयों की गुणवत्ता को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन (CDSCO) की ताजा जांच में 141 दवाओं के सैंपल फेल पाए गए हैं, जिनमें से 46 दवाएं हिमाचल प्रदेश के बद्दी, बरोटीवाला, नालागढ़, काला अंब, ऊना और सोलन में निर्मित बताई गई हैं। हैरानी की बात यह है कि इन दवाओं का उपयोग सिरदर्द, पेट दर्द, हाई ब्लड प्रेशर, शुगर, अल्सर और संक्रमण जैसी आम बीमारियों से लेकर कैंसर और हृदय रोग जैसी गंभीर बीमारियों के इलाज में किया जाता है।
सीडीएससीओ द्वारा जारी मार्च के ड्रग अलर्ट में इन दवाओं को ‘नॉट ऑफ स्टैंडर्ड क्वालिटी’ (NSQ) घोषित किया गया है, यानी ये निर्धारित गुणवत्ता मानकों पर खरी नहीं उतरीं। इसके बाद ड्रग कंट्रोलर ने संबंधित कंपनियों को नोटिस जारी करते हुए बाजार से स्टॉक वापस मंगाने के आदेश दिए हैं। यह कदम मरीजों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उठाया गया है, क्योंकि खराब गुणवत्ता की दवाएं स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बन सकती हैं।
फेल हुई दवाओं की सूची में एंटीबायोटिक, दर्द निवारक, खांसी की दवाएं, बीपी कंट्रोल की दवाएं, एसिडिटी और गैस की दवाएं, एंटी एलर्जिक, इंजेक्शन और सप्लीमेंट्स तक शामिल हैं। इनमें पैरासिटामोल, अमोक्सिसिलिन, टेल्मिसार्टन, मेट्रोनिडाजोल, रैबेप्राजोल, ओन्डैन्सेट्रॉन, टैक्रोलिमस और पैंटोप्राजोल जैसी आम तौर पर इस्तेमाल होने वाली दवाएं भी शामिल हैं।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, जिन कंपनियों के सैंपल मानकों पर खरे नहीं उतरे हैं, उनके खिलाफ ड्रग एंड कॉस्मेटिक एक्ट के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसमें लाइसेंस निलंबन या रद्द करने के साथ जुर्माना भी लगाया जा सकता है। साथ ही राज्य का स्वास्थ्य महकमा भी इन दवाओं के सैंपल की दोबारा जांच करेगा।
गौरतलब है कि हिमाचल प्रदेश को देश का फार्मा हब माना जाता है, लेकिन लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों ने दवा निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। हर महीने जारी होने वाले ड्रग अलर्ट में हिमाचल में बनी दवाओं के सैंपल फेल होना यह दर्शाता है कि घटिया और निम्न गुणवत्ता की दवाओं पर अभी तक पूरी तरह अंकुश नहीं लग पाया है।
हिमाचल में बनी इन दवाओं के सैंपल फेल हुए…
| दवा का नाम | किस बीमारी के लिए | कहां बन रही |
| अमोक्षिसिलिन और क्लैवुलैनिक एसिड टैबलेट | गले और टॉन्सिल का संक्रमण, साइनस का इन्फेक्शन, कान का इन्फेक्शन, फेफड़ों का संक्रमण, मूत्र मार्ग संक्रमण (UTI) | पार्क फार्मास्यूटिकल्स, कालूझंडा, बद्दी |
| डाइक्लोफेनाक पोटैशियम, पैरासिटामोल और क्लोरज़ॉक्साज़ोन टैबलेट | मांसपेशियों में दर्द और जकड़न,कमर दर्द, गर्दन या कंधे का दर्द, मोच या चोट, जोड़ों का दर्द,मसल स्पैज़म | एएसपीओ फार्मास्यूटिकल्स एलएलपी भटोली कलां, बद्दी |
| पोविडोन-आयोडीन सॉल्यूशन | छोटे कट, घाव और चोट साफ करने में, जलने पर इन्फेक्शन रोकने में, सर्जरी से पहले त्वचा साफ करने में, त्वचा के बैक्टीरिया और फंगस इन्फेक्शन से बचाव, छिलने या खरोंच में | हेल्थ बायोटेक लिमिटेड, सांडोली नालागढ़, बद्दी |
| क्लावोसिल-375 टैबलेट | गले और टॉन्सिल का इन्फेक्शन, साइनस (नाक) का इन्फेक्शन, कान का इन्फेक्शन, फेफड़ों का संक्रमण (ब्रोंकाइटिस, निमोनिया) मूत्र मार्ग संक्रमण (UTI), त्वचा और दांत का इन्फेक्शन | एलेनक्योर बायोटेक, नागल सुकेती रोड काला अंब |
| पैरासिटामोल 500 मिग्रा टैबलेट | बुखार, सिरदर्द, शरीर दर्द, दांत दर्द, सर्दी-खांसी में होने वाला दर्द, हल्का से मध्यम दर्द | हीलर्स लैब, हिमाचल प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास निगम विस्तार, बद्दी |
| टेल्मिसार्टन 40 मिग्रा टैबलेट | हाई ब्लड प्रेशर (उच्च रक्तचाप), हार्ट (दिल) को सुरक्षित रखने के लिए, स्ट्रोक और हार्ट अटैक के खतरे को कम करने में, किडनी को हाई BP से होने वाले नुकसान से बचाने में | स्विस गार्नियर लाइफ साइंसेज, मेहतपुर, ऊना |
| प्रोक्लोरपेराज़ीन मेलिएट माउथ डिसॉल्विंग टैबलेट | उल्टी आना, जी मिचलाना, चक्कर के साथ उल्टी होना, माइग्रेन में होने वाली उल्टी, पेट या संक्रमण के कारण होने वाली उल्टी | आयोसिस रेमेडीज प्राइवेट लिमिटेड, राजपुरा रोड खेड़ा निहला, नालागढ़ |
| स्टेराइल 10 मिलीलीटर इंजेक्शन | इंजेक्शन की दवा को घोलने में, ड्राई (पाउडर) इंजेक्शन तैयार करने में, अस्पताल में दवाओं को सुरक्षित रूप से देने के लिए, कुछ दवाओं को शरीर में डालने से पहले मिलाने के लिए | बायोआइवी लैब्स, रोपड़ रोड मुस्सेवाल नालागढ़ |
| एनरेक्स खांसी सिरप (कोडीन फॉस्फेट और ट्राइप्रोलिडीन एचसीएल सिरप) | सूखी खांसी (जिसमें बलगम नहीं आता), रात में आने वाली तेज खांसी, गले में जलन के साथ खांसी, एलर्जी से होने वाली खांसी | फार्मा केमिको लैबोरेट्रीज, देओंघाट, सोलन |
| सेफिक्सिम (एन्हाइड्रस) टैबलेट | गले का संक्रमण,टॉन्सिल का इन्फेक्शन, कान का संक्रमण, मूत्र मार्ग संक्रमण, ब्रोंकाइटिस और सांस की नली का संक्रमण, टाइफाइड बुखार | वेलक्योर रेमेडीज, नाहन मोगीनंद, सिरमौर |
| मेट्रोनिडाजोल 400 मिग्रा टैबलेट | पेट में संक्रमण, दस्त, खासकर इंफेक्शन वाले, अमीबिक पेचिश, आंतों का संक्रमण, दांत और मसूड़ों का संक्रमण, योनि संक्रमण, कुछ प्रकार के त्वचा संक्रमण | शिवा बायोजेनेटिक लैबोरेटरीज प्राइवेट लिमिटेड, बद्दी |
| रैबेप्राजोल सोडियम टैबलेट | एसिडिटी, सीने में जलन, पेट का अल्सर, खट्टी डकार, गले में जलन, पेट में जलन और भारीपन | एम्स्टर लैब्स, हिलटॉप गांव भटोली कलां, बद्दी |
| रैबेप्राजोल गैस्ट्रो-रेसिस्टेंट टैबलेट | एसिडिटी,सीने में जलन, पेट का अल्सर, खट्टी डकार और पेट में जलन | एथेंस लाइफ साइंसेज, मौजा रामपुर जट्टान नाहन काला अंब |
| प्रीगाबालिन और मिथाइलकोबालामिन कैप्सूल | डायबिटीज से होने वाला नसों का दर्द, हाथ-पैर में झनझनाहट या सुन्नपन, साइटिका का दर्द, रीढ़ की नसों का दर्द, विटामिन B12 की कमी से नसों की कमजोरी, जलन या चुभन जैसा दर्द | एस्ट्रिस्क हेल्थकेयर, बाथरी, हरौली, ऊना |
| एसिक्लोफेनाक और पैरासिटामोल टैबलेट | जोड़ों का दर्द, कमर दर्द, गर्दन या कंधे का दर्द, गठिया, मोच या चोट का दर्द, बुखार के साथ दर्द | टाइटेन्स फार्म, बाथू हरौली ऊना |
| लेवोसेटिरीज़िन डाइहाइड्रोक्लोराइड टैबलेट | छींक आना, नाक बहना या बंद होना, आंखों में खुजली और पानी आना, त्वचा में खुजली, पित्ती / एलर्जिक रैश, धूल, पराग या मौसम से होने वाली एलर्जी | एक्टिनोवा प्राइवेट लिमिटेड, मौजा सैंसीवाला, , तहसील बद्दी |
| ओन्डैन्सेट्रॉन ओरली डिसइंटीग्रेटिंग टैबलेट 8 मिग्रा | पेट की बीमारी में उल्टी, फूड पॉइजनिंग के बाद उल्टी, डेंगू/वायरल बुखार में उल्टी, कीमोथेरेपी के बाद उल्टी, ऑपरेशन के बाद उल्टी, पेट में गैस या संक्रमण से होने वाली जी मिचलाहट | एथेंस लाइफ साइंसेज़, मौजा रामपुर जट्टान नाहन रोड, काला अंब |
| पोविडोन आयोडीन और ऑर्निडाज़ोल मरहम (ऑइंटमेंट) | कट, छिलने या चोट के घाव, संक्रमित घाव, जलने के घाव, त्वचा पर बैक्टीरिया या फंगल इन्फेक्शन, सर्जरी के बाद घाव की देखभाल | मेफ्रो ऑर्गेनिक लिमिटेड, टाहलीवाल, हरौली, जिला ऊना |
| एटेनोलोल और अम्लोडिपिन टैबलेट | ई ब्लड प्रेशर (उच्च रक्तचाप), दिल की धड़कन तेज होना, हार्ट पर दबाव कम करना, सीने में दर्द, हार्ट अटैक के जोखिम को कम करना | एक्सोड्रग्स, प्लॉट, खदींन परवाणू |
| एसब्रोफिलीन, टरब्यूटालिन सल्फेट और ग्वाइफेनेसिन सिरप | बलगम वाली खांसी, अस्थमा, ब्रोंकाइटिस, सांस लेने में तकलीफ, फेफड़ों में बलगम जमा होना | यूनिस्पीड फार्मास्यूटिकल्स प्राइवेट लिमिटेड, गांव कथा, बद्दी |
| ट्राइप्रोलिडीन हाइड्रोक्लोराइड और कोडीन फॉस्फेट सिरप | सूखी खांसी, रात में आने वाली खांसी, एलर्जी से होने वाली खांसी, गले में जलन के साथ खांसी, सर्दी-जुकाम के बाद लगातार खांसी | थ्री बी हेल्थकेयर लिमिटेड, रामपुर रोड, पांवटा साहिब |
| अमोक्षिसिलिन, पोटैशियम क्लैवुलानेट और लैक्टिक एसिड बैसिलस ओरल सस्पेंशन | गले का संक्रमण,कान का संक्रमण, साइनस का इन्फेक्शन, फेफड़ों का संक्रमण, मूत्र मार्ग संक्रमण, पेट में संक्रमण या दस्त के साथ बैक्टीरिया | जेएमएम फॉर्म्युलेशन प्राइवेट लिमिटेड, ग्राम खारी, सुकेती रोड, काला अंब |
| कैल्सिड टैबलेट / कैल्शियम और विटामिन D सप्लीमेंट | शरीर में कैल्शियम की कमी, हड्डियों की कमजोरी, ऑस्टियोपोरोसिस (हड्डियाँ कमजोर होना), बच्चों में हड्डियों का सही विकास, गर्भवती और स्तनपान कराने वाली महिलाओं में कैल्शियम की जरूरत, फ्रैक्चर (हड्डी टूटने) के बाद रिकवरी में | एक्टिनोवा प्राइवेट लिमिटेड, बरोटीवाला, बद्दी |
| लुलिकोनाज़ोल क्रीम 1% (लुलिजू क्रीम) | दाद, खुजली, पैरों का फंगल इन्फेक्शन, जांघों या शरीर की त्वचा पर लाल चकत्ते, त्वचा का फंगल रैश | नेशनल लैबोरेट्रीज़, ग्राम एवं पोस्ट ऑफिस मनपुरा, बद्दी–नालागढ़ रोड |
| अमोक्षिसिलिन और पोटैशियम क्लैवुलानेट ओरल सस्पेंशन | गले का संक्रमण, कान का संक्रम, साइनस का इन्फेक्शन, फेफड़ों का संक्रमण, मूत्र मार्ग संक्रमण, त्वचा और दांत का संक्रमण | टाइटेन्स फार्मा, ग्राम बाथू, तहसील हरौली, जिला ऊना |
| सोडियम बाइकार्बोनेट 1000 मिग्रा टैबलेट | तेज एसिडिटी, सीने में जलन, पेट में जलन और खट्टी डकार, शरीर में एसिडिटी बढ़ने की स्थिति, कुछ दवाओं के साथ पेट की जलन कम करने में सहायक | स्टैनफोर्ड लैबोरेट्रीज़ प्राइवेट लिमिटेड, मेहतपुर, ऊना |
| पाइरासिटाम सिरप | याददाश्त कमजोर होना, दिमागी कमजोरी या ध्यान न लगना, सिर में चोट के बाद रिकवरी में, चक्कर या संतुलन की समस्या, कुछ मामलों में बच्चों के learning problems में डॉक्टर द्वारा दी जाती है | जेडआरएस फार्मास्यूटिकल्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड, कसौली, परवाणू, सोलन |
| एम्ब्रॉक्सोल हाइड्रोक्लोराइड, टरब्यूटालिन सल्फेट, ग्वाइफेनेसिन और मेन्थॉल सिरप | बलगम वाली खांसी, ब्रोंकाइटिस, अस्थमा, सांस लेने में तकलीफ, फेफड़ों में जमा बलगम को बाहर निकालना | सीगल लैबोरेट्रीज इंडिया प्राइवेट, मेहतपुर, ऊना |
| क्लॉक्सेस-एसपी टैबलेट | जोड़ों का दर्द, कमर दर्द, मोच या चोट, दांत दर्द, ऑपरेशन के बाद सूजन और दर्द, मांसपेशियों का दर्द | सिस्टोल रेमेडीज प्राइवेट लिमिटेड, ओगली, काला अंब, नाहन |
| डाइक्लोफेनाक सोडियम इंजेक्शन 75 मि.ग्रा./2 मिलीलीटर | तेज दर्द, कमर दर्द, जोड़ों का दर्द, चोट या मोच का दर्द, ऑपरेशन के बाद दर्द, मांसपेशियों में दर्द और सूजन | वीनस बायो साइंसेज़ प्राइवेट लिमिटेड, झड़माजरी, सोलन |
| रैबेप्राजोल सोडियम (एंटरिक-कोटेड) और डॉमपेरिडोन (सस्टेन्ड-रिलीज़) कैप्सूल | एसिडिटी, सीने में जलन, गैस्ट्रिक रिफ्लक्स, खट्टी डकार, जी मिचलाना और उल्टी, पेट में भारीपन और गैस | प्रॉस्पेरिटी ड्रग्स प्राइवेट लिमिटेड, बेलिखोल, बद्दी-नालागढ़ रोड |
| एंटरिक कोटेड रैबेप्राजोल सोडियम और डॉमपेरिडोन सस्टेन्ड रिलीज़ कैप्सूल | एसिडिटी, सीने में जलन, गैस्ट्रिक रिफ्लक्स, खट्टी डकार, जी मिचलाना, उल्टी, पेट में भारीपन और गैस | स्पैंकर बायोटेक लिमिटेड, मखनु मजरा, भुड रोड बद्दी |
| टैक्रोलिमस 2 मि.ग्रा. कैप्सूल | इम्यून सिस्टम की गतिविधि को कम करती है | स्पेन फॉर्म्युलेशंस प्राइवेट लिमिटेड, औद्योगिक क्षेत्र, मेहतपुर, ऊना |
| प्री और प्रोबायोटिक कैप्सूल | दस्त, खासकर एंटीबायोटिक के बाद, पेट में गैस और सूजन, पाचन सुधारने में, आंतों के अच्छे बैक्टीरिया को बढ़ाने में, इन्फेक्शन या कमजोरी के बाद रिकवरी में | सीएमजी बायोटेक प्राइवेट लिमिटेड, संसारपुर टेरेस, जसवां, कांगड़ा |
| टैक्रोलिमस 0.5 मिग्रा कैप्सूल | किडनी ट्रांसप्लांट के बाद शरीर द्वारा अंग को रिजेक्ट होने से बचाने में, लिवर ट्रांसप्लांट के बाद, हार्ट ट्रांसप्लांट के बाद, कुछ ऑटोइम्यून बीमारियों में | स्पेन फॉर्म्युलेशंस प्राइवेट लिमिटेड, मेहतपुर, ऊना |
| फेरस एस्कॉर्बेट, फोलिक एसिड और जिंक सॉफ्ट जिलेटिन कैप्सूल | खून की कमी (एनीमिया) को ठीक करने में, हीमोग्लोबिन बढ़ाने में,शरीर की कमजोरी और थकान कम करने में, आयरन, विटामिन और मिनरल की कमी पूरी करने में, गर्भावस्था में पोषण सपोर्ट के लिए | कैपसॉफ्ट हेल्थकेयर प्राइवेट लिमिटेड, खालसा कॉम्प्लेक्स, करुणा, साई रोड, बद्दी |
| रैबेप्राज़ोल सोडियम इंजेक्शन IP | यह दवा पेट में बनने वाले तेज़ एसिड (तेज़ाब) को कम करने के लिए इस्तेमाल की जाती है। | मार्टिन एंड ब्राउन बायो-साइंसेस, मल्कूमाजरा, नालागढ़ रोड, बद्दी |
| पैंटोप्राज़ोल गैस्ट्रो-रेज़िस्टेंट टैबलेट IP 40 mg | एसिडिटी और पेट में जलन, गैस्ट्रिक अल्सर (पेट के घाव), खट्टी डकार, सीने में जलन, पेट में दर्द और भारीपन | रोमा फार्मा. गांव नगाली, बरोग, सोलन |
| टैक्रोलिमस कैप्सूल IP 1 mg | किडनी, लिवर या हार्ट ट्रांसप्लांट के बाद अंग को रिजेक्ट होने से बचाने में, ऑर्गन ट्रांसप्लांट के बाद इम्यून सिस्टम को कंट्रोल करने में, कुछ गंभीर ऑटोइम्यून बीमारियों में (डॉक्टर की सलाह पर) | स्पेन फॉर्मुलेशन्स, मेहतपुर, जिला ऊना |
| रामिप्रिल टैबलेट IP 2.5 mg | हाई ब्लड प्रेशर, दिल की कमजोरी, हार्ट अटैक के बाद दिल की सुरक्षा के लिए, किडनी को सुरक्षित रखने में | फार्मारूट्स हेल्थकेयर, टिपरा, बरोटीवाला, बद्दी |
| डेक्सट्रोमेथॉर्फन, फिनाइलफ्रिन और क्लोरफेनिरामाइन सिरप SML | सूखी खांसी,नाक बंद होना, जुकाम और सर्दी के लक्षण, एलर्जी से छींक आना और नाक बहना, गले में खराश और खांसी में राहत | साईटेक मेडिकेयर, खेड़ी, त्रिलोकपुर रोड, काला-आंब |
| अल्बेंडाज़ोल टैबलेट IP | पेट में कीड़े, कृमि संक्रमण, बच्चों में पेट दर्द, भूख कम लगना, टेपवर्म, राउंडवर्म, हुकवर्म जैसी समस्याएं | एफ़ी पैरेंट्रल्स, गुल्लेरवाला, बद्दी |
| ओरल रिहाइड्रेशन साल्ट्स IP (ओआरएस.) | दस्त में शरीर का पानी कम होने पर, उल्टी के बाद कमजोरी और डिहाइड्रेशन, गर्मी में ज्यादा पसीना आने से पानी की कमी, बच्चों और बड़ों में शरीर को हाइड्रेट रखने के लिए | गोवा एंटीबायोटिक्स एंड फार्मास्यूटिकल्स, अंजी, बरोग, सोलन |



