-
डोल बदोली क्षेत्र में तेज रफ्तार कार के पलटने से 74 वर्षीय लीला देवी की मौके पर मौत।
-
घटना धारड़ी माता मंदिर जाने वाले लिंक रोड पर हुई, जहां लीला देवी खेत में घास काट रही थीं।
-
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की, स्थानीय लोगों ने तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण की मांग की।
Jwalamukhi Road Accident: ज्वालामुखी के डोल बदोली क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 74 वर्षीय लीला देवी की मौत हो गई। हादसा ग्राम पंचायत बदोली के तहत धारड़ी माता मंदिर जाने वाले लिंक रोड पर प्राइमरी स्कूल के पास हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार (HP 36F 7632) कथोग से धारड़ी माता मंदिर की ओर जा रही थी और मोड़ पर चालक ने नियंत्रण खो दिया। तेज गति के कारण वाहन सड़क किनारे खेत में जा पलटा, जहां लीला देवी अपने पशुओं के लिए घास काट रही थीं। कार उनके ऊपर गिर गई, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने उन्हें सिविल अस्पताल ज्वालामुखी पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। ग्राम पंचायत बदोली की प्रधान रीता देवी ने इसे दुखद घटना बताते हुए कहा कि इस सड़क पर पहले भी कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण का कोई ठोस उपाय नहीं किया गया है।
पुलिस ने घटना स्थल पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। चालक की लापरवाही के चलते कानूनी कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता दी जाएगी।



