➤ चंबा के भरमौर में बिजली लाइन पर काम करते समय कर्मचारी की करंट लगने से मौत
➤ खंभे से 20–25 मीटर गहरी ढांक में गिरा कर्मचारी, अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
➤ साइट सुपरवाइजर और कंपनी प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप, पुलिस ने दर्ज की FIR
हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के भरमौर क्षेत्र में बिजली लाइन पर काम करते समय एक कर्मचारी की करंट लगने से दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा शुक्रवार शाम उस समय हुआ जब कर्मचारी बिजली के खंभे पर चढ़कर लाइन की मरम्मत कर रहा था। परिजनों और सहकर्मियों ने इस घटना के लिए साइट सुपरवाइजर और कंपनी प्रबंधन की कथित लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार को सिविल अस्पताल भरमौर से फोन के माध्यम से सूचना मिली कि एक व्यक्ति को गंभीर हालत में उपचार के लिए अस्पताल लाया गया है। सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक संदीप कुमार पुलिस टीम के साथ अस्पताल पहुंचे। डॉक्टरों ने जांच के बाद टटरोग गांव (चंबा) निवासी छम्मू पुत्र बशीर मोहम्मद को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद मृतक के साथ आए उसके भाई महवूब का बयान दर्ज किया गया।
परिजनों के अनुसार मृतक छम्मू और उसका भाई पिछले करीब दो वर्षों से एक कंपनी के तहत खड़ामुख से बैराज साइट तक 11 केवी बिजली लाइन बिछाने और मरम्मत का कार्य कर रहे थे। 13 मार्च को दोनों भरमौर में एडीआईटी-06 के पास बिजली लाइन की मरम्मत और तारें बिछाने का काम कर रहे थे। बताया जा रहा है कि दोपहर करीब दो बजे छम्मू ने बिजली के खंभे पर चढ़ने से पहले मच्छेत्तर सब स्टेशन के साइट सुपरवाइजर बृज मोहन को फोन कर बिजली सप्लाई बंद करने के लिए कहा।
परिजनों का कहना है कि बिजली बंद होने की पुष्टि मिलने के बाद ही वह खंभे पर चढ़ा, लेकिन जैसे ही वह ऊपर पहुंचा, अचानक उसे तेज करंट लग गया। करंट लगते ही वह संतुलन खो बैठा और करीब 20 से 25 मीटर गहरी ढांक में गिर गया। हादसे में उसके सिर सहित शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं।
घटना के बाद उसका भाई महवूब और कंपनी के फार्मासिस्ट राजीव कुमार उसे तुरंत कंपनी की एंबुलेंस के माध्यम से सिविल अस्पताल भरमौर लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच और दर्ज बयान के आधार पर यह हादसा मच्छेत्तर सब स्टेशन के साइट सुपरवाइजर बृज मोहन और कंपनी प्रबंधन की कथित लापरवाही के कारण हुआ माना जा रहा है। इसी आधार पर थाना भरमौर में मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस ने बताया कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज चंबा भेजा गया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। मामले की जांच उपनिरीक्षक संदीप कुमार कर रहे हैं और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।



