Follow Us:

हिमाचल के तीन युवकों से 125 किलोग्राम विस्‍फोटक बरामद, जानें क्‍या था प्‍लानिंग

➤ उत्तराखंड के त्यूणी में हिमाचल नंबर की कार से 125 किलो डायनामाइट बरामद
➤ कार में सिरमौर, शिमला और कोटखाई के तीन युवक गिरफ्तार
➤ पंचायत चुनाव से पहले विस्फोटक बरामदगी से हड़कंप, जांच में जुटी पुलिस



उत्तराखंड के त्यूणी थाना क्षेत्र में पंचायत चुनाव से पहले सुरक्षा एजेंसियों को बड़ी कामयाबी मिली है। हिमाचल नंबर की एक आल्टो कार से 125 किलोग्राम डायनामाइट और डेटोनेटर के डिब्बे बरामद किए गए हैं। मामले में हिमाचल प्रदेश के तीन युवकों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस ने बताया कि बरामद की गई कार में पांच पेटियों में कुल 125 किलोग्राम विस्फोटक, दो डिब्बे डेटोनेटर (टोपी), लाल रंग की तार का एक रोल और आसमानी रंग की बत्ती का बंडल बरामद किया गया। कार की चेकिंग त्यूणी थाना पुलिस द्वारा नाके के दौरान की गई।

गिरफ्तार युवकों की पहचान रोहित (19) निवासी रोनहाट, सिरमौर, रिंकू (37) निवासी बलग, शिमला और सुनील (38) निवासी सैडोली, कोटखाई के रूप में हुई है। पुलिस ने जब वाहन में मौजूद युवकों से विस्फोटक के दस्तावेज मांगे तो वे कोई वैध कागज प्रस्तुत नहीं कर सके

पुलिस ने तीनों को विस्फोटक अधिनियम-1884 समेत अन्य गंभीर धाराओं में गिरफ्तार कर लिया है। थाना त्यूणी प्रभारी विनय मितल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि जांच जारी है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इन विस्फोटकों को कहां और किस उद्देश्य से ले जाया जा रहा था।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने पहले ही सभी थानों को निर्देश दिए थे कि चुनाव के दौरान किसी भी तरह की अवैध गतिविधि या प्रलोभन देने के प्रयास पर नजर रखी जाए। इसके तहत यह चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था, जिसमें इतनी बड़ी मात्रा में विस्फोटक पकड़े जाने से सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं