Follow Us:

सेना की वर्दी पहनकर कसौली में घूम रहा था होटल शेफ, मिलिट्री इंटेलिजेंस के इनपुट पर पकड़ा गया

➤ कसौली छावनी क्षेत्र में सेना का फर्जी अधिकारी बनकर घूम रहा युवक गिरफ्तार

➤ बैजनाथ निवासी अर्पण कटोच निजी होटल में है शेफ, जेब से मिला सेना का लिकर कार्ड

➤ मिलिट्री इंटेलिजेंस के इनपुट पर गढ़खल पुलिस की कार्रवाई, बीएनएस की धारा 168 में केस दर्ज


बद्दी (सोलन)। हिमाचल प्रदेश के संवेदनशील कसौली छावनी क्षेत्र में थल सेना का फर्जी अधिकारी बनकर रौब झाड़ रहे एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान अर्पण कटोच निवासी गांव टिकरी, बैजनाथ के रूप में हुई है। आरोप है कि वह सेना की आधिकारिक वर्दी और बैज का दुरुपयोग कर स्थानीय स्तर पर संदेहास्पद गतिविधियों को अंजाम दे रहा था। मिलिट्री इंटेलिजेंस कसौली से मिले खुफिया इनपुट के आधार पर पुलिस चौकी गढ़खल की विशेष टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे दबोच लिया।

पुलिस के अनुसार मिलिट्री इंटेलिजेंस की कसौली इकाई को गुप्त सूचना मिली थी कि गांव कोट और आसपास के इलाकों में एक युवक सेना की वर्दी और प्रतीक चिह्नों का इस्तेमाल कर खुद को सेवारत सैन्य अधिकारी बता रहा है। सैन्य छावनी और सामरिक दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्र होने के कारण मामले को गंभीरता से लिया गया। यह जानकारी तुरंत स्थानीय पुलिस के साथ साझा की गई। इसके बाद गढ़खल पुलिस चौकी प्रभारी एएसआई ललित कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई।

जांच में पता चला कि आरोपी स्थानीय एक निजी होटल में शेफ है और सुनारडी गांव में किराये के मकान में रहता है। पुलिस टीम ने सुनारडी क्षेत्र में संदिग्ध को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसकी पहचान अर्पण कटोच के रूप में हुई। सख्ती से पूछताछ के दौरान आरोपी संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। तलाशी में उसकी जेब से सेना का लिकर कार्ड बरामद हुआ, जिस पर सैन्य वर्दी में उसकी तस्वीर और नाम अंकित था। जब पुलिस ने कार्ड की प्रामाणिकता और उसके स्रोत से जुड़े दस्तावेज मांगे, तो आरोपी कोई वैध कागज पेश नहीं कर सका।

पुलिस ने कसौली थाना में आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 168 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की हर पहलू से गहन तफ्तीश की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी आधार पर आगे की कानूनी धाराएं जोड़ी जाएंगी। आरोपी ने भारतीय सेना का लिकर कार्ड और आधिकारिक वर्दी कहां से और किसके माध्यम से हासिल की, तथा छावनी क्षेत्र के आसपास घूमने के पीछे उसकी वास्तविक मंशा क्या थी, इसे लेकर पूछताछ की जा रही है।

डीएसपी परवाणू अनिल शर्मा ने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।