➤ 8 वर्षीय बेटा 5 किमी दूर सुरक्षित मिला, पिता और छोटा बेटा लापता
➤ पुलिस और SDRF की टीमें लगातार सर्च ऑपरेशन में जुटी
हरियाणा के फरीदाबाद में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक सिविल इंजीनियर अपने दो मासूम बेटों के साथ आगरा नहर में कूद गया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है और पुलिस के साथ SDRF की टीमें लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही हैं।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार युवक की पहचान भगवत दयाल (35) के रूप में हुई है, जो पेशे से सिविल इंजीनियर है और गुजरात के अहमदाबाद स्थित एक निजी कंपनी में कार्यरत है। वह इन दिनों छुट्टी पर अपने गांव असावटी में परिवार के साथ रह रहा था। बताया जा रहा है कि घटना से पहले उसका अपनी पत्नी के साथ किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद उसने यह खौफनाक कदम उठाया। हालांकि, परिवार की ओर से अभी तक इस बारे में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
जानकारी के मुताबिक, रविवार रात करीब 9 बजे वह अपने दोनों बेटों सम्राट (8) और युग (5) को घुमाने के बहाने घर से निकला था। लेकिन संडे बाजार जाने की बजाय वह उन्हें डीग फतेहपुर बिल्लोच स्थित आगरा नहर के पुल पर ले गया और वहां बाइक खड़ी कर तीनों ने नहर में छलांग लगा दी।
घटना का खुलासा तब हुआ जब एक राहगीर ने पुल पर खड़ी बाइक को संदिग्ध हालत में देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस टीम और SDRF मौके पर पहुंची और नहर में तलाशी अभियान शुरू किया गया।
तलाशी के दौरान एक राहत भरी खबर सामने आई, जब बड़ा बेटा सम्राट करीब 5 किलोमीटर दूर नहर किनारे सुरक्षित मिला। उसे तुरंत पुलिस की निगरानी में लिया गया। हालांकि, पिता भगवत दयाल और छोटा बेटा युग अभी तक लापता हैं और उनकी तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन जारी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और हर पहलू को ध्यान में रखकर कार्रवाई की जा रही है। वहीं इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।



