Follow Us:

पूर्व विधायक ने महिला का नाम लिखकर फेसबुक पर डाली ये पोस्ट, FIR दर्ज

सुनील ठाकुर |

कांग्रेस नेता और बिलासपुर के पूर्व विधायक बंबर ठाकुर एक बार फिर चर्चा में आ गए हैं। इस बार एक महिला ने पूर्व विधायक के खिलाफ बिलासपुर थाने में मामला दर्ज करवाया है। महिला की शिकायत है कि पूर्व विधायक ने अपनी फेसबुक पोस्ट पर उसका नाम लेकर लिखा, महिला ने वर्तमान विधायक सुभाष ठाकुर को जूते मारे, आखिर क्यों ?

महिला ने कहा कि इस पोस्ट से उनका अपमान हुआ है। यह पोस्ट झूठी और आपत्तिजनक है। पुलिस ने शिकायत मिलने पर विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बिलासपुर की एक महिला की ओर से थाना में दी शिकायत में कहा गया है कि सदर के पूर्व विधायक ने अपनी फेसबुक आईडी में एक झूठी और आपत्तिजनक पोस्ट डाली है। इसमें महिला का नाम लेकर कहा गया है कि महिला ने सदर के वर्तमान विधायक सुभाष ठाकुर को जूते मारे, आखिर क्यों?

महिला के मुताबिक ऐसी कोई घटना नहीं हुई है। महिला ने कहा है कि पूर्व विधायक की इस हरकत से समाज में भी उसका अपमान हुआ है। ऐसे में पूर्व विधायक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए।

शिकायत के आधार पर सदर थाना में पूर्व विधायक के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। एसपी बिलासपुर अशोक शर्मा ने बताया कि पुलिस ने महिला की शिकायत पर आईटी एक्ट 67 और IPC की धारा 500 के तहत संज्ञान लिया है। पुलिस मामले की गंभीरता से छानबीन कर रही है।