-
मनाली के 5 वर्षीय सक्षम ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से की मुलाकात।
-
सक्षम ने तीन बार नेशनल रिकॉर्ड बनाकर “यंगेस्ट फ्लैग एक्सपर्ट ऑफ इंडिया” का टाइटल जीता।
-
मुख्यमंत्री ने हिमाचल का नाम रोशन करने पर सक्षम को सम्मानित करने की घोषणा की।
Youngest Flag Expert of India. मनाली के पांच वर्षीय सक्षम ने हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से मनाली के सर्किट हाउस में मुलाकात की। सक्षम ने अपनी प्रतिभा से न केवल हिमाचल बल्कि पूरे देश का नाम रोशन किया है। महज 5 साल की उम्र में सक्षम तीन नेशनल रिकॉर्ड बना चुका है।
सक्षम ने पहला रिकॉर्ड पंद्रह महीने की उम्र में बनाया था, जब उसने सभी अल्फाबेट्स सीखकर “मिरेकल बॉय” का टाइटल हासिल किया। दूसरा रिकॉर्ड तीन साल की उम्र में कार कलेक्शन और दुनिया की अधिकांश कार कंपनियों के लोगो पहचानने के लिए बनाया। तीसरा रिकॉर्ड उसने पांच साल की उम्र में हासिल किया, जिसमें सक्षम ने 195 देशों के झंडे, उनकी भाषा, मुद्रा, राजधानी और नाम की स्पेलिंग जुबानी याद कर ली। इस अद्भुत उपलब्धि के लिए उसे “यंगेस्ट फ्लैग एक्सपर्ट ऑफ इंडिया” का खिताब दिया गया।
मुख्यमंत्री ने सक्षम की सराहना करते हुए कहा कि वह हिमाचल के लिए गर्व की बात है। उन्होंने सक्षम के उज्ज्वल भविष्य की कामना की और घोषणा की कि प्रदेश सरकार इस प्रतिभाशाली बच्चे को सम्मानित करेगी।
सक्षम के पिता सागर और माता स्नेहा ने खुशी जाहिर की और बताया कि सक्षम जल्द ही चौथा रिकॉर्ड बनाने वाला है। इस बार वह मानचित्र पर देशों की सटीक जानकारी से रिकॉर्ड बनाएगा।



