Follow Us:

हमीरपुर: शानदार काम के लिए बीडीसी नादौन और दड़ूही पंचायत को मिलेंगे राष्ट्रीय पुरस्कार

जसबीर |

हमीरपुर के अंतर्गत आते ब्लॉक पंचायत समिति नादौन को लगातार दूसरी बार राष्ट्रीय पुरस्कार के लिए चयनित किया गया है। इसके साथ ही विकास खंड हमीरपुर की ग्राम पंचायत दड़ूही को भी एक साथ दो राष्ट्रीय पुरस्कारों के लिए चुना गया है। ये पुरस्कार 24 अप्रैल को राष्ट्रीय पंचायतीराज दिवस के उपलक्ष्य पर प्रदान किए जाएंगे।

जिला पंचायत अधिकारी हरबंस सिंह ने बताया कि सराहनीय काम करने वाली पंचायतीराज संस्थाओं को प्रतिवर्ष राष्ट्रीय स्तर पर 4 पुरस्कार दिए जाते हैं। इस साल दीन दयाल उपाध्याय पंचायत सशक्तिकरण पुरस्कार एक बार फिर जिला हमीरपुर की पंचायत समिति नादौन को दिया जाएगा। पंचायत समिति नादौन को यह पुरस्कार वित वर्ष 2020-21 में उत्कृष्ट काम के लिए मिलेगा। वित वर्ष 2019-20 में भी पंचायत समिति नादौन ने ही यह पुरस्कार जीता था।

उन्होंने कहा कि विकास खंड हमीरपुर की ग्राम पंचायत दड़ूही का चयन भी दीन दयाल उपाध्याय पंचायत सशक्तिकरण पुरस्कार के लिए किया गया है। इसी पंचायत को बाल हितैषी ग्राम पंचायत पुरस्कार के लिए भी चुना गया है। हमीरपुर जिला की पंचायतीराज संस्थाओं को राष्ट्रीय स्तर के तीन पुरस्कार मिलना गौरव की बात है। उन्होंने इन संस्थाओं के सभी जनप्रतिनिधियों और संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों को बधाई दी है।