Vishal Nehria second marriage: धर्मशाला के पूर्व भाजपा विधायक विशाल नेहरिया ने एडवोकेट स्वाति कपूर के साथ दूसरी शादी कर ली है। शादी गद्दी पारंपरिक रीति-रिवाजों के तहत सादगी से संपन्न हुई, जिसमें परिवार के सदस्य और करीबी मित्र शामिल हुए। इस मौके पर विशाल ने अपने समर्थकों और रिश्तेदारों के लिए कांगड़ी धाम का आयोजन भी किया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों के साथ भाजपा के कई विधायक और पूर्व मंत्री भी शामिल हुए।

विशाल नेहरिया की यह दूसरी शादी है। इससे पहले, उन्होंने 26 अप्रैल 2021 को HAS अधिकारी एवं सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर ओशिन शर्मा से प्रेम विवाह किया था। हालांकि, कुछ महीनों बाद ओशिन शर्मा ने विशाल पर घरेलू हिंसा के आरोप लगाए, जिसके बाद दोनों का तलाक हो गया। इस विवाद के कारण 2022 के विधानसभा चुनाव में विशाल को भाजपा का टिकट नहीं मिला था।

राजनीतिक करियर की बात करें तो विशाल नेहरिया 2019 में धर्मशाला से विधायक बने थे। भाजपा ने उस समय के मंत्री किशन कपूर को लोकसभा चुनाव में उतारा था, जिसके बाद धर्मशाला सीट पर उपचुनाव हुआ और विशाल नेहरिया ने जीत दर्ज की। हालांकि, ओशिन शर्मा के आरोपों के चलते उन्हें 2022 में टिकट नहीं दिया गया था। अब, उन्होंने एक नई शुरुआत करते हुए स्वाति कपूर से विवाह किया है, जो नरघोटा की रहने वाली हैं और गद्दी समुदाय से संबंध रखती हैं।



