➤ फोर्टिस अस्पताल कांगड़ा में धूमधाम से मनाया गया नर्सिंग डे
➤ फ्लोरेंस नाइटिंगेल को याद कर नर्सों ने सेवा का लिया संकल्प
➤ रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों से नर्सिंग स्टाफ ने बांधा समां
फोर्टिस अस्पताल कांगड़ा में मंगलवार को अंतरराष्ट्रीय नर्सिंग डे बड़े उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में अस्पताल प्रबंधन, चिकित्सकों और नर्सिंग स्टाफ ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। इस अवसर पर अस्पताल परिसर में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम में फोर्टिस कांगड़ा के डायरेक्टर अमन सोलोमन, मेडिकल डायरेक्टर डाॅ. सुखजीत सिंह परमार, डाॅ. कैलाश नाथ शर्मा, डाॅ. सतीश शर्मा और डाॅ. आरके अबरोल विशेष रूप से मौजूद रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ विधिवत सरस्वती वंदना के साथ किया गया। इसके बाद आधुनिक नर्सिंग सेवा की प्रेरणास्रोत और दुनिया की पहली महिला नर्स फ्लोरेंस नाइटिंगेल को श्रद्धापूर्वक याद किया गया।

इस दौरान नर्सिंग स्टाफ ने मरीजों की सेवा पूरी ईमानदारी, समर्पण और लगन के साथ करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में नर्सों ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। रंगारंग कार्यक्रमों ने समारोह में उत्साह भर दिया और उपस्थित लोगों ने तालियों के साथ कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।
फोर्टिस कांगड़ा के डायरेक्टर अमन सोलोमन ने अपने संबोधन में कहा कि नर्सिंग ऐसा प्रोफेशन है, जिस पर मरीज डॉक्टर से भी अधिक भरोसा करता है। उन्होंने कहा कि नर्स हर समय मरीज के साथ रहती है और उसकी देखभाल से लेकर मानसिक सहयोग तक महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
उन्होंने कहा कि एक नर्स का जीवन प्रेम, शालीनता, धैर्य और संयम का प्रतीक होता है। यदि नर्स इन गुणों को अपने व्यवहार में उतारकर मरीजों की सेवा करती है तो मरीजों को न केवल बेहतर उपचार मिलता है, बल्कि उन्हें मानसिक संबल भी प्राप्त होता है।
कार्यक्रम में फोर्टिस कांगड़ा की नर्सिंग हेड अंजना शर्मा, अस्पताल के सभी डॉक्टर और स्टाफ सदस्य भी मौजूद रहे। सभी ने नर्सिंग स्टाफ द्वारा प्रस्तुत कार्यक्रमों का आनंद लिया और उनकी सेवा भावना की सराहना की।



