➤ मोहाली स्थित फोर्टिस अस्पताल को दोपहर 1:11 बजे ई-मेल से बम धमकी
➤ CM भगवंत मान अस्पताल में भर्ती, पुलिस और बम निरोधक दस्ता तैनात
➤ 16 स्कूलों को भी धमकी, छुट्टी करवाई गई
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान जिस Fortis Hospital में भर्ती हैं, उसे बम से उड़ाने की धमकी मिली है। दोपहर 1:11 बजे एक धमकी भरा ई-मेल भेजा गया, जिसमें CM को लेकर गंभीर और आपत्तिजनक दावे किए गए।
ई-मेल में पोलोनियम जैसे रेडियोएक्टिव पदार्थ का उल्लेख करते हुए जान से मारने की धमकी दी गई। साथ ही दिवंगत पूर्व मुख्यमंत्री बेअंत सिंह का हवाला देकर धमकी को और गंभीर रूप दिया गया।
धमकी मिलते ही पंजाब पुलिस और खुफिया एजेंसियां हाई अलर्ट पर आ गईं। अस्पताल को चारों तरफ से घेर लिया गया है और 5 बम निरोधक दस्ते तैनात किए गए हैं। मोहाली के SP दिलप्रीत सिंह ने बताया कि फिलहाल CM को शिफ्ट करने की कोई योजना नहीं है और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
धमकी केवल अस्पताल तक सीमित नहीं रही। मोहाली के 16 स्कूलों को भी इसी प्रकार के मेल मिले, जिसके बाद एहतियातन छुट्टी करवा दी गई।
स्वास्थ्य अपडेट
मुख्यमंत्री पहले ब्लड प्रेशर बढ़ने पर अस्पताल में भर्ती हुए थे। बाद में डिस्चार्ज होकर मोगा में एक कार्यक्रम में शामिल हुए, लेकिन सांस लेने में तकलीफ के बाद दोबारा मोहाली के फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस के अनुसार, ई-मेल ‘हंटर फार्ले’ नाम से भेजा गया और अंत में कथित संगठन का नाम भी लिखा गया है। फिलहाल साइबर टीम मेल की जांच में जुटी है।
गौरतलब है कि इससे पहले भी पंजाब और चंडीगढ़ के कई स्कूलों को बम धमकी मिल चुकी है, जो जांच में फर्जी साबित हुई थीं। हालांकि इस बार CM से जुड़ा मामला होने के कारण सुरक्षा एजेंसियां कोई जोखिम नहीं ले रहीं।



