Follow Us:

मंडी के जोनल अस्पताल में दोपहर के भोजन की फ्री सेवा शुरू, DC ने किया शुभारंभ

बीरबल शर्मा |

जिला मंडी के जोनल अस्पताल में सोमवार को दोपहर के भोजन की फ्री सेवा शुरू हो गई। उपायुक्त मंडी ऋगवेद ठाकुर ने इस सेवा की विधिवत शुरूआत की। कोरोना वायरस को देखते हुए एहतिहातन एक सादे समारोह में यह कार्यक्रम आरंभ किया गया। सोमवार से हर रोज दोपहर 12 बजे से लेकर अढ़ाई बजे तक अस्पताल में भर्ती हुए मरीजों के साथ आए तीमारदारों और परिजनों के अलावा ओपीडी में चेकअप और इलाज करवाने आए मरीजों को भी यह खाना परोसा जाएगा।

ह्दयवासी सेवा समिति मंडी की ओर से यह सेवा शुरू की गई है। उपायुक्त मंडी ऋगवेद ठाकुर ने सेवा शुरू करने के बाद कहा कि एक स्वयंसेवी संगठन द्वारा श्रद्धा भाव से शुरू की गई यह सेवा सराहनीय है। उन्होंने कहा कि अस्पताल में भर्ती मरीजों को तो अस्पताल की ओर से खाना दिया जाता है। मगर उनके साथ आने वाले तीमारदारों औऱ ओपीडी में चेक और इलाज करवाने आए लोगों को खाने की व्यवस्था नहीं थी जो अब इस संस्था ने शुरू की है। उन्होंने संस्था के तमाम सदस्यों और संयोजक रमन बिष्ट का इस सेवा के शुरू करने की सराहना की।

रमन बिष्ट ने बताया कि यह सेवा जनसहयोग से शुरू की जा रही है। साल में 365 दिन खाने की सेवा रहेगी। एक दिन के खाने पर अभी अनुमानित 5 हजार रूपए का खर्च आ रहा है जो दानी सज्जनों के सहयोग से किया जा रहा है। अब तक लगभग 150 लोग इसके लिए अपना सहयोग दे चुके हैं। इसमें 365 दानियों की जरूरत है ताकि हर रोज एक व्यक्ति के दान से यह सेवा दी जा सके। उन्होंने कहा कि समिति का साफ मत है कि जरूरतमंदों को खाना खिलाकर हम कोई किसी पर अहसान नहीं कर रहे बल्कि जो लोग उनकी सेवा के माध्यम से खाना खाएंगे वह हम पर अहसान कर रहे हैं।