Follow Us:

हिमाचल में बारिश और बर्फबारी से पारा गिरा, कई जिलों में ठंड बढ़ी

  • हिमाचल के ऊँचे इलाकों में बर्फबारी और बारिश – शिमला, मनाली, लाहौल-स्पीति समेत कई जगहों पर ताजा हिमपात, तापमान में भारी गिरावट

  • तापमान सामान्य से काफी नीचे – चंबा का तापमान 14 डिग्री नीचे, कई अन्य जिलों में भी ठंड बढ़ी

  • एवलांच का अलर्ट जारी – चंबा और लाहौल-स्पीति में हिमस्खलन की चेतावनी, लोगों को सतर्क रहने की सलाह

Himachal Pradesh Snowfall: हिमाचल प्रदेश के  उंचे पर्वतीय इलाकों में बीती रात से बर्फबारी का दौर जारी है। राजधानी शिमला में हल्की बर्फबारी दर्ज की गई, जबकि पर्यटन नगरी मनाली में एक सप्ताह के भीतर दूसरी बार भारी हिमपात हुआ। इससे ठंड बढ़ गई और पर्यटकों में खासा उत्साह देखने को मिला।

इसके अलावा, लाहौल-स्पीति और चंबा जिले में आधा फीट से ज्यादा ताजा हिमपात दर्ज किया गया है। वहीं, कांगड़ा, हमीरपुर, सुजानपुर, मंडी और शिमला में रुक-रुक कर बारिश हो रही है। बारिश और बर्फबारी के चलते मार्च में भी दिसंबर-जनवरी जैसी सर्दी लौट आई है।

मौसम विभाग के अनुसार, आज कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला, सोलन और सिरमौर में बारिश-बर्फबारी जारी रहने की संभावना है। हालांकि, कल से पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टर्बेंस) कमजोर पड़ जाएगा और अगले तीन-चार दिनों तक मौसम साफ रहेगा।

तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। चंबा का अधिकतम तापमान सामान्य से 14 डिग्री नीचे गिरकर 11.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। इसी तरह, भुंतर का तापमान 10.5 डिग्री और मंडी का 14.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कुल मिलाकर प्रदेशभर में कड़ाके की ठंड पड़ रही है।

मौसम विभाग ने चंबा और लाहौल-स्पीति में हिमस्खलन (एवलांच) का अलर्ट जारी किया है। बीते तीन दिनों में लाहौल-स्पीति, चंबा और किन्नौर जिले में 9 हिमस्खलन की घटनाएं सामने आई हैं। इन क्षेत्रों में लोगों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।