➤ शिंकुला दर्रा में 2 सेमी तक ताजा हिमपात, रोहतांग में भी हल्के फाहे
➤ 20–21 दिसंबर को ऊंचे पहाड़ों पर हल्की बर्फबारी की संभावना
➤ शिमला का न्यूनतम तापमान 12.2°C, मैदानी जिलों में कोहरे से परेशानी
लाहौल-स्पीति जिले के शिंकुला दर्रा में बीती रात ताजा हिमपात दर्ज किया गया। करीब 2 सेंटीमीटर बर्फबारी के बाद इलाके ने पूरी तरह सफेद चादर ओढ़ ली। रोहतांग दर्रा में भी हल्के बर्फ के फाहे गिरे, जिससे सर्दी का असर बढ़ गया।

देशभर से मनाली पहुंचे पर्यटक शिंकुला दर्रा की ओर रुख कर रहे हैं और बर्फबारी के बीच अठखेलियां करते नजर आ रहे हैं। बर्फबारी के कारण पर्यटन स्थलों पर रौनक बढ़ी है।

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार आज रात से वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय हो रहा है। इसके प्रभाव से 20 और 21 दिसंबर को लाहौल-स्पीति, चंबा, कांगड़ा, कुल्लू और किन्नौर की ऊंची चोटियों पर हल्की बर्फबारी हो सकती है, जबकि मध्यम ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बारिश के आसार हैं। मैदानी क्षेत्रों में मौसम साफ रहने की संभावना जताई गई है।
बारिश-बर्फबारी से पहले शिमला और कुफरी के न्यूनतम तापमान में असामान्य बढ़ोतरी दर्ज की गई है। शिमला का न्यूनतम तापमान 12.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो सामान्य से 6.1 डिग्री अधिक है। कुफरी का न्यूनतम तापमान भी 10.3 डिग्री दर्ज किया गया।

इसी तरह कल्पा का तापमान सामान्य से 4.8 डिग्री और मनाली का 4.4 डिग्री ज्यादा बना हुआ है। हालांकि, मैदानी इलाकों में सुबह और रात के समय घना कोहरा लोगों की परेशानी बढ़ा रहा है।
मंडी, बिलासपुर, कांगड़ा, हमीरपुर, सोलन, सिरमौर और ऊना के कई क्षेत्रों में कोहरा छाया रहा। बिलासपुर में भाखड़ा बांध के पास विजिबिलिटी 50 मीटर तक गिर गई, जबकि मंडी में दृश्यता करीब 400 मीटर दर्ज की गई।
तापमान स्थिति (डिग्री सेल्सियस में)
-
सुंदरनगर: 2.7
-
भुंतर: 3.5
-
मनाली: 4.6
-
कांगड़ा: 5.7
-
मंडी: 6.2
-
हमीरपुर: 4.9
आगामी मौसम अनुमान
-
मैदानी क्षेत्र: 2 से 10°C
-
मध्य पर्वतीय क्षेत्र: 0 से 8°C
-
उच्च पर्वतीय क्षेत्र: -8 से 2°C
-
अगले एक सप्ताह तक अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक रहने की संभावना



