Follow Us:

धर्मशाला में चलेगी फ्युनिक्युलर रेल, बनेगी विश्व नगरी

समाचार फर्स्ट |

हिमाचल में स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत धर्मशाला के भागसूनाग और मैक्लोडगंज में फ्युनिक्युलर रेल भी चलेगी। इसको बनाने का प्लान शुरू हो गया है। मैक्लोडगंज और भागसूनाग में  टूरिस्टों को अाकर्षित करने के लिए इस प्लान को स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के अधिकारियों ने तैयार करना शुरू कर दिया है।

हिमाचल में इस तरह का रेल मार्ग जिला मंडी के जोगेंद्रनगर में भी है। जोकि शानन पावर हाउस जोगेंद्रनगर से लेकर बरोट तक बनाया गया है। अगर यह प्रोजेक्ट बन जाता है तो इससे टूरिस्टों को काफी फायदा होगा और धर्मशाला से लेकर मैक्लोडगंज तक रोप-वे व आगे भागसूनाग में फ्युनिक्युलर रेल काफी रोचक हो जाएगी।

क्या है फ्युनिक्युलर रेल

फ्युनिक्युलर रेल पहाड़ी पर बनी रेल पटरी पर रस्सी की मदद से चलती है। आस्ट्रेलिया सहित कुछ देशों में इस रेल को पर्यटकों सहित आम लोगों के लिए भी उपयोग में लाया जाता है। इसमें एक छोटा सा डिब्बा होता है। इसमें कुछ लोग यात्रा कर सकते हैं।

धर्मशाला बनेगी विश्व नगरी

शहरी विकास, आवास एवं नगर नियोजन मंत्री सरवीण चौधरी ने बताया क‍ि धर्मशाला स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत धर्मशाला के विकास, सुंदरीकरण और आधुनिकीकरण पर 2109 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। धर्मशाला को विश्व नगरी की तरह विकसित किया जाएगा। यहां अंतराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं एवं सेवाएं उपलब्ध होंगी। इसके तहत ही भागसूनाग में फ्युनिक्युलर रेल संचालन भी प्रस्तावित है।